टीकमगढ़। मध्य प्रदेश शिक्षक संघ टीकमगढ़ के जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार नापित ने बताया कि मध्यप्रदेश शिक्षक संघ के बैनर तले टीकमगढ़ जिले के शिक्षक-शिक्षिकाएं 18 जून 2026 को वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को विधायी एवं नीतिगत संरक्षण प्रदान किए जाने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री एवं शिक्षा मंत्री, भारत सरकार के नाम संबोधित ज्ञापन जिला कलेक्टर को सौंपेंगे।
उन्होंने बताया कि यह पहल 23 अगस्त 2010 को एनसीटीई द्वारा जारी शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) संबंधी अधिसूचना, माननीय सुप्रीम कोर्ट के 29 मई 2026 के निर्णय तथा लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल से प्राप्त निर्देशs के परिप्रेक्ष्य में की जा रही है। शिक्षक संघ का कहना है कि वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए आवश्यक विधायी एवं नीतिगत कदम उठाए जाने चाहिए।
नजरबाग मैदान से कलेक्ट्रेट तक होगा प्रदर्शन
जिला संगठन मंत्री जगदीश दुबे ने बताया कि जिले के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं सायं 4:30 बजे नजरबाग मैदान, टीकमगढ़ में एकत्रित होंगे। इसके बाद सभी शिक्षक संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन पहुंचकर जिला कलेक्टर के माध्यम से केंद्र सरकार को ज्ञापन प्रेषित करेंगे।
संसद के मानसून सत्र में संशोधन की मांग
संभागीय सचिव बुद्ध सागर सिंह ने बताया कि संसद का मानसून सत्र शीघ्र प्रारंभ होने वाला है। शिक्षक समुदाय ज्ञापन के माध्यम से मांग कर रहा है कि इसी सत्र में टीईटी संबंधी प्रावधानों में आवश्यक संशोधन कर वर्ष 2010 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों को विधायी संरक्षण प्रदान किया जाए।
भूतलक्षी प्रभाव से नियम लागू करना उचित नहीं
जिला कोषाध्यक्ष प्रमोद दूरवार एवं जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र नरवरिया ने कहा कि वर्तमान टीईटी नियमों को पूर्व में नियुक्त शिक्षकों पर भूतलक्षी (रेट्रोस्पेक्टिव) प्रभाव से लागू करना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने कहा कि जिन शिक्षकों की नियुक्ति उस समय की निर्धारित पात्रताओं के आधार पर हुई है, उन्हें कानूनी और नीतिगत सुरक्षा मिलनी चाहिए।
शिक्षकों से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील
जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार नापित ने जिले के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर ज्ञापन प्रदर्शन कार्यक्रम को सफल बनाने तथा शिक्षक हितों की इस महत्वपूर्ण मुहिम में सहभागी बनने की अपील की है।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

