बल्देवगढ़ नगर के मिनी खेल स्टेडियम में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा मुख्यमंत्री कप की ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिता का दो दिवसीय आयोजन किया गया है। प्रतियोगिता में कबड्डी, खो-खो, एथलेटिक्स, फुटबाल, वालीबाल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ विधायक राहुल सिंह लोधी के मुख्य आतिथ्य में किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री कप का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस दौरान खिलाड़ियों को संबोधित करते हुये विधायक राहुल सिंह ने कहा कि खेलने से स्फूर्ति आती है, इसलिये प्रतिदिन की दिनचर्या में खेल को प्रमुखता दें। आजकल का समय मोबाइल का हो गया है और बच्चे आउटडोर खेल नहीं खेलकर मोबाइल को अपनाते हैं जिससे उनका विकास अवरूद्ध होता है। अतः खेलने पर विशेष ध्यान दें इससे बच्चों का भी शरीर फिट रहता है। इसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करते हुये उनकी हौसला अफजाई की और खेल को खेल भावना से खेलने की समझाईश दी। वहीं कन्या हायर सेकेंडरी की कक्षा दसवीं की छात्रा संतोषी खंगार द्वारा योगा के माध्यम से उपस्थित खिलाड़ियों को योग से फिट रहने के उपाय बताये। प्रतियोगिता के समापन के दौरान विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों द्वारा पुरूस्कृत किया गया। इस अवसर पर एसडीएम बल्देवगढ सौरभ मिश्रा, तहसीलदार राजेन्द्र मिश्रा, विधायक प्रतिनिधि विश्व दीपक मिश्रा, संदीप सिंह पायक, थाना प्रभारी अमित साहू, बीईओ एमके अहिरवार, डॉ. सिद्धार्थ रावत, बीएमओ अरूण शर्मा, प्राचार्य मॉडल विद्यालय श्री राजेश बाबू रिछारिया सहित छात्र-छात्रायें उपस्थित रहे।

