इटारसी नर्मदापुरम प्रवीण गौर की खास रिपोर्ट/तवा नगर बसारत खान के नेतृत्व में आयोजित भव्य समारोह में अधिकारियों, कर्मचारियों और खिलाड़ियों ने दी सम्मानपूर्ण विदाई, तवा बांध की स्मृति-चिन्ह भेंट कर जताया सम्मान*
तवानगर नर्मदापुरम जल संसाधन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ) श्री एन.के. सूर्यवंशी के सेवानिवृत्त होने पर तवा नगर में भव्य सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों, खेल क्लब के पदाधिकारियों और खिलाड़ियों ने उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए उनके लंबे, निष्पक्ष और समर्पित सेवाकाल को याद किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सम्मान, आत्मीयता और भावनाओं का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम का नेतृत्व मध्यप्रदेश सिंचाई जल संसाधन विभाग स्पोर्ट्स क्लब, नर्मदापुरम के नव-निर्वाचित क्षेत्रीय अध्यक्ष बसारत खान ने किया। उन्होंने कहा कि श्री सूर्यवंशी ने अपने कार्यकाल में ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सरल स्वभाव से विभाग में एक अलग पहचान बनाई। उनका व्यवहार हमेशा सहयोगपूर्ण रहा और उन्होंने अपने कार्यों से सभी का विश्वास जीता। उन्होंने कहा कि तवा नगर और जल संसाधन विभाग उनके योगदान को लंबे समय तक याद रखेगा।
समारोह के दौरान श्री सूर्यवंशी को शाल ओढ़ाकर तथा तवा बांध की स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके स्वस्थ, सुखमय एवं सफल जीवन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन की कमी विभाग को हमेशा महसूस होगी।
कार्यक्रम में प्रांतीय उपाध्यक्ष एवं प्रभारी महेंद्र उगले, संयुक्त सचिव अशोक शर्मा, क्षेत्रीय सचिव हेमंत अजनेरिया, क्रांति पालीवाल, संयोजक दीपक चोरे, कबड्डी संयोजक कैलाश सिंह राजपूत, जिला अध्यक्ष विजय पांचाल, बसु वारिकी, क्लब अध्यक्ष मनोज बाघमार, सचिव पंजाब राव झारबड़े, प्रांतीय कार्यकारिणी सदस्य सतीश मसान, भीमराव देशमुख, दिलीप भूरिया, मुद्रा शर्मा, वकात खान, उमेश शर्मा, मनीष ठाकुर सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
श्री सूर्यवंशी केवल एक कुशल प्रशासनिक अधिकारी ही नहीं रहे, बल्कि खेल गतिविधियों के भी मजबूत संरक्षक रहे हैं। वे बैडमिंटन के क्षेत्रीय संयोजक होने के साथ स्वयं भी उत्कृष्ट खिलाड़ी रहे हैं। खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने, खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और युवा प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में उनके योगदान की समारोह में विशेष रूप से सराहना की गई।
उपस्थित सभी लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी।
