टीकमगढ़। गुरूवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक 2 टीकमगढ़ के छात्रों को नवीन व्यवसायिक शिक्षा योजना के अंतर्गत औद्योगिक संस्थान आईटीआई के भ्रमण पर ले जाया गया। इस भ्रमण के कार्यक्रम की अनुमति संस्था के प्राचार्य एनडी अहिरवार द्वारा प्रदान की गई। इसके साथ ही उनके दिशा निर्देशानुसार प्रथम पाली प्रभारी कार्तिक खरे के मार्गदर्शन में 25 छात्र कक्षा 9 एवं10 के और 25 छात्र कक्षा 11 एवं 12 के कुल 50 छात्रों को व्यवसायिक शिक्षक राजदीप रावत (आईटी) एवं आरती श्रीवास्तव (इलेक्ट्रॉनिक्स) सहयोग से छात्रों को आईटीआई औद्योगिक संस्थान टीकमगढ़ का भ्रमण कराया गया। जहां पर छात्रों को कंप्यूटर शिक्षक पवन यादव द्वारा कंप्यूटर से संबंधित एवं कंप्यूटर की उपयोगिता और आवश्यकता के बारे में विस्तृत जानकारी छात्रों को दी गई एवं छात्रों के द्वारा कंप्यूटर का प्रैक्टिकली अध्ययन भी कराया गया। इसके बाद छात्रों को इलेक्ट्रॉनिक प्रभारी शिक्षक केसी कोरी द्वारा छात्रों को इलेक्ट्रॉनिक एवं इलेक्ट्रिकल के अंतर को समझाया गया।
साथ ही विद्युत की उपयोगिता और उसकी आवश्यकता एवं उसके उपयोग के बारे में विस्तार से बच्चों को जानकारी दी गई और संस्थान में स्थापित इलेक्ट्रिक मशीनों से परिचित कराते हुए उन्हें चालू करना एवं बंद करना सिखाया गया। इसी तरह फिटर ट्रेड में भी छात्रों को विभिन्न मशीनों से परिचित कराते हुए उनके द्वारा किस तरह से कार्य किया जाता है एवं किस तरह से उनका उपयोग किया जाता है। उनके बारे में उपयोगी जानकारी फिटर ट्रेड प्रभारी द्वारा दी गई। इस भ्रमण के दौरान छात्रों को विभिन्न ट्रेडों के बारे में बहुत ही उपयोगी जानकारी प्राप्त हुई। जिसको उन्होंने बड़ी गंभीरता एवं रुचि पूर्वक समझा एवं सुना इस भ्रमण के दौरान छात्रों में अत्यंत उत्साह देखा गया। छात्रों के द्वारा इस भ्रमण को भविष्य में जीवन के लिए अत्यधिक उपयोगी एवं लाभदायक बताते हुए आगामी समय में और भी बड़े स्थान पर भ्रमण के लिए ले जाने का आग्रह किया गया। छात्रों को प्राचार्य के निर्देशानुसार भ्रमण के उपरांत स्वल्पाहार कराते हुए वापस संस्था में लाकर उन्हें अपने अपने घरों के लिए भेजा गया।

