टीकमगढ़। जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता सिंह की अध्यक्षता में जिला पंचायत के सभाकक्ष में मप्र राज्य युवा नीति पर केन्द्रित जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला के प्रारंभ में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सिद्धार्थ जैन ने उपस्थित विभागीय अधिकारियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, छात्र-छात्राओं, खेल संगठन के पदाधिकारियों से युवा नीति पर केन्द्रित रोजगार उद्यमिता, स्वास्थ्य युवा नेतृत्य सामाजिक कार्य, जीवन के लिये खेल, मेरा प्रदेश मेरा गौरव अंतर्गत कला, साहित्य, संस्कृति, विरासत और विविधता, पर्यावरण संरक्षण हेतु जागरूकता, प्रशिक्षण एवं कौशल के संबंध में बिन्दुओं पर गहन चिंतन मथन और परामर्श के साथ सुझाव चाहे गये। कार्यशाला में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सिंह द्वारा सुझाव दिया गया कि युवा नीति रोजगार मूलक हो ताकि युवाओं का भविष्य उज्जवल रह सके। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री जैन ने कहा कि किसी भी पॉलीसी की बुनियाद बौद्धिक एक्सरसाइज से होती है और पॉलीसी का विकास जिला स्तर से राज्य स्तर के विभिन्न चरणों से होता है। नीति के आधार पर कानून बनता है, उसके बाद अधिनियम,नियम बनाये जाते हैं। म.प्र. में 12 एवं 13 जनवरी को युवा नीति का विमोचन होना है। इस हेतु विभिन्न स्तर पर बृहत विचार विमर्श किया जा रहा है। इस बावत् यह कार्यशाला आयोजित है। सभी जिले के सुझाव राज्य शासन को प्रेषित किया जाना है, जिसके तहत युवा नीति आकार लेकर अंतिम रूप लेगी। श्री जैन ने कहा कि हमारी योजना इस प्रकार बनाई जाये जो समाज के लिये सभी वर्गों के लिये समावेशी आकार में हो, भविष्यगामी हो, युवाओं के कल्याण के लिये उद्धार्थ हो। इस अवसर पर अति मुख्य कार्यपालन अधिकारी आरके पस्तोर, उप संचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग डीके विश्वकर्मा, जिला षिक्षा अधिकारी शक्ति खरे, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास रचना बुधौलिया, जिला आयुष अधिकारी डाॅ. आरके अहिरवार, सहायक संचालक मत्स्य आरके मिश्रा, प्राचार्य आई.टी.आई., जिला खेल अधिकारी , एम.जी.एन फेलो एवं सी.एम. फेलो सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। जिले के युवाओं में भी कार्यशाला में सहभागिता कर अपने सुझाव दिये। अंत में आरके पस्तोर अति मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा आभार व्यक्त किया गया।

