टीकमगढ़/निवाड़ी। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज सागर संभाग के निवाड़ी जिले के गढ़कुंडार महोत्सव में आयोजित समारोह में जनता की शिकायतों पर निवाड़ी जिला कलेक्टर तरुण भटनागर को हटाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने जनता से शिकायत मिलने पर ओरछा के तहसीलदार श्री संदीप शर्मा को भी हटाने की मंच से घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अच्छा कार्य करने वाले अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा और गड़बड़ी करने वालो को बक्शा नहीं जायेगा।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जनता की बेहतर सेवा और विकास करना ही हमारा धर्म है। उन्होंने कहा कि खंगार समाज को आगे बढ़ाने के लिए कोई कसर शेष नहीं छोड़ी जाएगी।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सामुदायिक भवन का निर्माण कराये जाने की घोषणा भी की तथा कहा कि इस स्थल का समग्र विकास कराया जाएगा।इसके लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जाएगीl मुख्यमंत्री ने खंगार जयंती पर समाज के अधिकारियों – कर्मचारियों के लिए ऐच्छिक अवकाश की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा यह वीरों की भूमि है, जिसे मैं बार-बार प्रणाम करता हूं। उन्होंने कहा गढ़कुंडार महोत्सव लगातार चलेगा ।खंगार समाज ने आज जो पगड़ी पहनाकर उनका सम्मान किया है तो मैं भी समाज के मान और सम्मान का पूरा ध्यान रखूंगा। समाज ने जो मांगे की है, उन्हें प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा ।
मुख्यमंत्री ने कहा समाज के लोगों ने जो मुझे मुकुट पहनाया है,उसके लिए मैं उनका सम्मान करता हूं तथा यह मुकुट समाज को भेंट करता हूं । बेटियों की शादी पर पैर के बिछोड़ी बनवाकर भेंट की जाए।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि स्थानीय विधायक श्री अनिल जैन ने जो मांगे रखी है, उनपर जल्दी ही निवाड़ी जिले में कार्यक्रम कर विस्तार से बात की जाएगी। निवाड़ी जिला बनाया गया है, जो मुझे प्राणों से ज्यादा प्यारा है। इसका बेहतर विकास सुनिश्चित किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने खंगार समाज की पत्रिका का विमोचन भी किया। इसके पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा कन्या पूजन से हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महाराजा खेत सिंह की स्मृति में यह महोत्सव प्रतिवर्ष मनाया जाएगा।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

