टीकमगढ़। एक बार फिर बागेश्वर धाम के संत धीरेन्द्र शास्त्री के आगमन को लेकर तैयारियां जोर शोर से की जाने लगी हैं। श्री शास्त्री जी यहां नौ दिवसीय राम कथा करेंगे। यह कथा नगर के भव्य एवं रमणीक स्थल अमर शहीद नारायण दास खरे स्टेडियम में होगी। इस मैदान के लिये मंजूरी मिल चुकी है। कथा यजमान राजेन्द्र तिवारी ने सभी नगरवासियों से राम कथा को सफल बनाने के लिये अपने तन और मन से सहयोग की अपील की है। आयोजन के संबन्ध में आयोजित बैठक के दौरान आयोजन की रूपरेखा एवं तैयारियां के संबन्ध में विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान अनेक वक्ताओं ने अपने विचार एवं सुझाव रखे। राम कथा आयोजन समिति की बैठक के दौरान यजमान भूमि विकास बैंक के पूर्वाध्यक्ष राजेन्द्र तिवारी ने कहा कि गत वर्ष संपन्न हुई बागेश्वर धाम के संत पं. धीरेन्द्र शास्त्री की श्रीमद् भागवत कथा की सफलता और भव्य कलश यात्रा ने जिले का मान बढ़ाया। बागेश्वर धाम भक्त मंडल ने आयोजन की प्रशंसा की थी। इस बार आयोजन को और भी भव्य और विशालता प्रदान करने के प्रयास किये जाएंगे। श्री तिवारी ने कहा कि श्री श्री 1008 श्री बागेश्वर धाम सरकार पं. श्री धीरेन्द्र शास्त्री जी महाराज के मुखारविन्द से नौ दिवसीय संगीतमय श्री रामकथा का 25 फ रवरी 2023 से 5 मार्च 2023 तक आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह भव्य आयोजन आप सभी के बिना सहयोग के संभव नहीं है। माताएं बहिनें कलश यात्रा की जिम्मेवारी संभालेंगी और अधिक से अधिक नारी शक्ति की इसमें भागीदारी हो। कथा यजमान राजेन्द्र तिवारी द्वारा जानकारी दी गयी इस बैठक में जिले के पत्रकारगण, वरिष्ठ जन, धर्म प्रेमी एवं युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहें। बैठक मे आगामी कार्यक्रम की रूपरेखा बनायी गयी। कार्यक्रम के दौरान बैठक में उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किये। कार्यक्रम के अंत में आभार व्यक्त राहुल तिवारी प्रदेश महामंत्री युवा मोर्चा ने व्यक्त करते हुये कहा कि कार्यक्रम में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। बाहर से आने वालों के ठहरने और भक्त मंडल के भोजनादि के बेहतर से बेहतर प्रबंध किये जाएंगे। उन्होंने कहा कि आयोजन में युवाओं एवं बहिनों का भरपूर सहयोग रहेगा। कलश यात्रा के दिन से ही सभी युवा सक्रियता से कार्य करेंगे। आयोजन के लिये कमेटी का पूर्व की भांति गठन किया गया है। सभी को जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। ठहरने एवं भोजनादि की व्यवस्थाओं के साथ ही आयोजन स्थल एवं पंडाल की विशेष व्यवस्था की जा रही है। इस अवसर पर आयोजन समिति के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित हुये।….जिले भर में होगी आरती और बांटे जाएंगे आमंत्रण…..स्थानीय अमर शहीद नारायण दास खरे स्टेडियम में आगामी 25 फरवरी से होने जा रहे आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इसके लिये जिले भर में प्रचार प्रसार पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। गांव-गांव और शहर-शहर भगवान की आरती की जाएगी और प्रसाद वितरण कर सभी को आमंत्रित किया जाएगा। यजमान राजेन्द्र तिवारी ने कहा कि आयोजन को सफल बनाने के लिये किसी प्रकार की कमी नहीं छोड़ी जाएगी। आयोजन कर्ताओं ने शहरवासियों से शहर को सजाने और घरों को रोशन करने के साथ ही दरवाजों पर दीप जलाने व रंगोली सजाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह हम सभी की जिम्मेदारी है कि यहां आने वाले अतिथियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें हरसंभव सहयोग किया जाए। कार्यक्रम के लिये जल्दी ही एक कंट्रोल रूम बनाया जाएगा।

