टीकमगढ़/ बड़ागांव । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का जिला सम्मेलन 28 जनवरी 2023 को नगर टीकमगढ़ के नजरबाग से होगा। इस सम्मेलन में संगठन से जुड़ी विभिन्न इकाइयों से 5 हजार छात्र शामिल होंगे। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद का यह सम्मेलन युवा शक्ति उद्घोष के रुप में मनाया जायेगा। यह जानकारी बड़ागांव धसान नगर के विद्यार्थी परिषद के दीपक कुशवाहा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए प्रेस को दी है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद नगर बड़ागांव धसान के अध्यक्ष दीपक कुशवाहा ने बताया कि विगत कई वर्षों के बाद टीकमगढ़ जिले में 28 जनवरी को यह सम्मेलन होने जा रहा है। यह छात्र सम्मेलन विद्यार्थी परिषद की अनोखी परंपरा का अंग है, जिसमें जिले के तहसील बड़ागांव इकाई से 250 विद्यार्थी छात्र प्रतिनिधित्व करेंगे, विद्यार्थी परिषद् कार्यकर्ता आनंद नामदेव, गौरव जैन, स्वयं पुष्पकार, राजसिंह परिहार द्वारा बड़ागांव क्षेत्र के सभी 10+2 विद्यालय के प्राचार्य से संपर्क कर विद्यालय में पोस्टर विमोचन एवं नगर के प्रमुख स्थान पर दीवाल लेखन के साथ सभी कोचिंग सेंटर में संपर्क किया जा रहा है, सम्मेलन में छात्र-छात्राएं एवं प्राध्यापक वर्ग देश एवं प्रदेश की वर्तमान स्थिति से लेकर शिक्षा व्यवस्था पर सामूहिक चिंतन-मनन करेंगे तथा सकारात्मक पहल की ओर आगे बढ़ने पर चर्चा करेंगे। इस प्रकार के छात्र सम्मेलन समाज, जीवन तथा शिक्षा के विकास में छात्रों की रचनात्मक भूमिका सुनिश्चित करते हैं। वार्ता में बताया कि सम्मेलन में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं को टीकमगढ़ नजरबाग प्रांगण में एकत्रित होना है। सम्मेलन का उद्घाटन सत्र सुबह 11 बजे होगा। उसके पश्चात टीकमगढ़ जिले के शिक्षा को लेकर प्रस्ताव पारित होगा। इसके उपरांत दोपहर 01.45 से विशाल शोभायात्रा का आयोजन होगा, जो नजरबाग प्रांगण से प्रारंभ होकर गांधी चौराहा तक पहुँचेगी, जहां खुला अधिवेशन होगा। उसके बाद कार्यक्रम का समापन होगा।

