टीकमगढ़ । नगर पालिका अध्यक्ष पप्पू मलिक ने काजल को पीएम आवास की राशि बैंक खाते में ट्रांसफर करने की फोन पर सूचना दी तो काजल आंखों में खुशी के आंसू छलक आए। दरअसल, पहली किश्त मिलने पर कच्चा मकान गिराकर पीएम आवास का काम लगाया, लेकिन दूसरी किश्त न मिलने के कारण मकान निर्माण एक साल से रुका था। परिवार पन्नी के सहारे रहने को मजबूर था।
शहर में राजमहल रोड स्थित खंगरोला मोहल्ला निवासी राजेंद्र वंशकार के अनुसार मेरी बड़ी बेटी काजल पोलियोग्रस्त होने के कारण दिव्यांग है। काजल के नाम पीएम आवास निर्माण नगर पालिका ने स्वीकृत किया। चुनाव के समय पहली किश्त की राशि एक लाख रुपए बेटी के बैंक खाते में आए। इसलिए अपना कच्चा मकान और सोख्ता शौचालय मिटाकर आवास निर्माण का काम शुरू कराया। जिसमें परिवार के सदस्यों ने भी काम किया और लेंटर लेवल तक आवास का निर्माण कर लिया। इसके बाद दूसरी किश्त न मिलने के कारण काम रुक गया था। एक हादसे में 10 साल पहले दोनों पैर गंवा देने के कारण राजेंद्र भी चलने फिरने में असमर्थ है। ऐसे में पीएम आवास की दूसरी किश्त के लिए दिव्यांग काजल वंशकार तीन पहिया वाली साईकिल से नगर पालिका कार्यालय में आवेदन देने पहुंची। नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार पप्पू मलिक को दिव्यांग बेटी आवेदन देने के कार्यालय आने की जानकारी लगी तो वह स्वयं कार्यालय से बाहर आए। उन्होंने काजल को जल्द से जल्द पीएम आवास की किश्त डलवाने का भरोसा दिलाया और कहा कि अब तुम्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है। मैं राशि ट्रांसफर होते ही सूचित करूंगा। पिछले दिनों नगर पालिका ने शहर में पीएम आवास योजना के तहत हितग्राहियों के बैंक खाते में राशि जारी की। नगर पालिका अध्यक्ष पप्पू मलिक ने काजल को फोन लगाकर खाते में आवास निर्माण के लिए राशि भेजने की सूचना दी। नगर पालिका अध्यक्ष का कहना है कि शहर में प्रत्येक गरीब और वास्तविक जरूरतमंद आवासहीन परिवार को पीएम आवास योजना का लाभ दिलाना मेरी जिम्मेदारी है। लोग किसी के बहकावे में न आएं और न ही योजना का लाभ दिलाने के एवज में किसी को पैसे दें। अगर कोई पैसों की मांग करता है तो मुझे सूचित करें। काजल वंशकार का कहना है कि नगर पालिका अध्यक्ष ने आवास की राशि खाते में भेजने की सूचना फोन पर दी तो मुझे बहुत खुशी हुई। आंखें भर आईं, आखिर अब मेरा भी स्वयं के पक्के मकान का सपना पूरा होगा।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

