खरगापुर।जिले में ५ से २५ फरवरी तक विकास यात्रा निकाली जा रही है। विकासयात्रा में विभिन्न योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी जा रही है। इसके साथ ही विभिन्न विकास कार्यो का भूमि पूजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खरगापुर विधायक राहुल सिंह लोधी, जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता सिंह लोधी और कलक्टर सुभाष कुमार द्विवेदी द्वारा अध्यक्षता की गई।
मंगलवार को करमासनघाट और जिनागढ़ में विकास यात्रा को लेकर कार्यक्रम आयोजित किया गया। यात्रा में मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान के तहत हितग्राहीमूलक योजनाओं में लाभांवित की बात कही जा रही है। कार्यक्रम के दौरान बीपीएल, लाड़ली लक्ष्मी योजना कार्ड, संबल कार्ड सहित अन्य योजनाओं के प्रमाण पत्र प्रदान किए। खरगापुर विधायक ने ग्राम करमासनघाट में आयोजित कार्यक्रम में लाड़ली लक्ष्मी योजना हितग्राही नीलम लोधी को सम्मानित किया। जिस पर नीलम लोधी ने मुख्यमंत्री , विधायक और प्रशासन को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीइओ सिद्धार्थ जैन, एसडीएम बल्देवगढ़ सौरभ मिश्रा, जनपद पंचायत सीइओ, बीएमओ, परियोजना अधिकारी बाल विकास योजना, तहसीलदार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।

