टीकमगढ़ – मरीजों एवं जन साधारण के आवागमन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शासन की गाईडलाईन के अनुसार मेडीकल कॉलेज के लिये भूमि का चयन करने की माँग को लेकर विगत सोमवार को भाजपा नेता विकास यादवनने जिला प्रशासन को पत्र सौंपा है। पत्र में श्री यादव ने आयुक्त चिकित्सा शिक्षा कार्यालय भोपाल द्वारा कलेक्टर को भेजे पत्र क्रमांक यो.वि.सं.चि.शि.2023 दिनाँक 28.06.2023 का उल्लेख करते हुए कहा है कि शासन की गाईडलाईन के अनुसार मेडीकल कॉलेज के लिये आरक्षित की जाने वाली भूमि जिला चिकित्सालय से 05 किलोमीटर की सीमा परिधि में 25 एकड़ भूमि उपलब्ध करानी है और यह भूमि मुख्यमार्ग पर स्थित होनी चाहिये, ताकि मरीजों एवं जनसाधारण को आवागमन की सुविधा प्राप्त हो सके। श्री यादव ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा मबई क्षेत्र में 18 हैक्टेयर भूमि चयनित की गई है जो शासन की गाईडलाईन के हिसाब से ठीक नहीं है इसलिये श्री यादव ने पत्र में सुझाव दिया है कि टीकमगढ़ से कुण्डेश्वर मार्ग पर म.प्र.बीज विकास निगम की एक सैकड़ा से अधिक कृषि भूमि रिक्त पड़ी है जो गणेशगंज के सामने टीकमगढ़-ललितपुर राजमार्ग पर स्थित है जिसकी जिला चिकित्सालय से दूरी लगभग 4 कि.मी. है। यह भूमि मेडीकल कॉलेज के लिये सबसे उपयुक्त है इसलिये जिला प्रशासन द्वारा निगम से उक्त 25 एकड़ भूमि मेडीकल कॉलेज के लिये ले ली जाये और बदले में विभाग को मबई में मेडीकल कॉलेज के लिये आरक्षित भूमि दे दी जाये तो यह मरीजों एवं जनसाधारण की सुविधा के लिये एक श्रेष्ठ विकल्प सिद्ध होगा।

