टीकमगढ़। जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती उमिता राहुल सिंह तथा कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय द्वारा मनरेगा योजना के तहत संचालित जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत ग्राम पंचायत माडूमर में सुनारवाली नहर से पुलिया तक एवं ग्राम पंचायत पठा में जगत सागर से सुनार बंदिया तक फीडर चैनल के सफाई कार्य का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणजनों से चर्चा की तथा नहर की साफ-सफाई तथा अतिक्रमण हटवाने के निर्देष दिये। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सिंह ने कहा कि नहर की साफ-सफाई तथा मरम्मत हो जाने से जगत सागर ग्राम पंचायत पठा की वेस्ट वियर का पानी निर्बाध रूप से सोनार की बंदिया तक एवं ग्राम पंचायत माडूमर से निर्बाध रूप से फीडर चैनल द्वारा महेन्द्र सागर तालाब टीकमगढ़ तक पहुंचेगा,जिससे वर्षाकाल में महेन्द्र सागर टीकमगढ की जल क्षमता में वृद्धि होगी। साथ ही ग्राम पंचायतों में निकटवर्ती कृषकों की भूमि में वाटर लेवल बढ़ेगा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देषित किया कि पठा तालाब का अतिरिक्त पानी जो महेन्द्र सागर तालाब टीकमगढ़ तक जिस मार्ग से आता था उस मार्ग में मिट्टी का पुराव एवं अतिक्रमण हो जाने से महेन्द्र सागर तालाब में पानी की आवक घट गयी है। इस मार्ग की साफ-सफाई एवं अतिक्रमण हट जाने से महेन्द्र सागर तालाब में पर्याप्त जल की आवक होगी। कलेक्टर श्री श्रोत्रिय के निर्देषानुसार ग्राम माडूमर भाटा में 2.08 हेक्टर खुषीलाल पाल, भागी पाल, मनसुखा पाल, कोमल लोधी द्वारा नहर पर किये गये अतिक्रमण को हटवाया गया। साथ ही पठा भाटा में एक हेक्टेयर रकबा से भगतराम, बृ्रजकिषोर, भुवानी भोडेले का कब्जा हटवाया गया। मनरेगा योजना अंतर्गत संचालित उक्त कार्य से ग्राम में रोजगार-पलायन पर वार अभियान के तहत शहरों की ओर पलायन करने वाले श्रमिकों को उन्हीं की ग्राम पंचायत में पर्याप्त रोजगार उपलब्ध होगा, जिससे श्रमिक ग्राम में ही परिवार के साथ रहकर कार्य कर सकेंगे। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री नवीत कुमार धुर्वे, एसडीएम टीकमगढ़ श्री लोकेन्द्र सिंह सरल, तहसीलदार टीकमगढ़, कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी एवं कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग, सहायक यंत्री एवं एपीओ, उपयंत्री मनरेगा एवं सरपंच,सचिव,ग्राम रोजगार सहायक ग्राम पंचायत माडूमर एवं पठा उपस्थित रहे।

