शाहपुर/बैतूल। ग्राम पंचायत कुंडी के ग्राम बांकाखोदरी में स्थित गौशाला स्व सहायता समूह की अनदेखी के चलते दुर्दशा का शिकार हो रही है। शासन की मंशा अनुरूप स्व सहायता समूह द्वारा गौशाला का संचालन नहीं किया जा रहा है जिसके चलते गोवंश की ठीक तरह से देखभाल नहीं हो पा रही है। स्व सहायता समूह की अनदेखी के चलते गोवंश भूखे प्यासे रहने को मजबूर है। गोपाष्टमी के दिन जब स्थानीय बजरंग दल कार्यकर्ता गौशाला पहुंचे तब उन्हें इस स्थिति की जानकारी हुई। विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के ब्लॉक अध्यक्ष श्याम राठौर ने बताया कि वह गोपाष्टमी के दिन कार्यकर्ताओं के साथ में गोवंश पूजन करने के लिए पहुंचे थे, जब उन्होंने गौशाला की व्यवस्था देखी तो काफी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि इस गौशाला की व्यवस्था की जिम्मेदारी उन्नति स्वयं सहायता समूह को दी गई है। समूह के अध्यक्ष से फोन पर संपर्क किया गया तब जाकर अध्यक्ष ने एक व्यक्ति को गौशाला की चाबी लेकर भेजा। 11 बजे के लगभग विश्व हिंदू परिषद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा गोवंश पूजन किया गया।
कार्यकर्ताओं द्वारा ही प्यासे गोवंश को चारा पानी दिया गया। बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने तत्काल ग्राम सरपंच से संपर्क कर गौशाला की व्यवस्था दुरुस्त करने की बात कही। उन्होंने ऐसी लापरवाही के खिलाफ कलेक्टर से शिकायत करने की भी बात कही। मौके पर बजरंग दल कार्यकर्ता श्याम राठौर, विकास, तरुण शर्मा आदि उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि गोवंश की देखरेख सुरक्षा करने की मंशा से शासन द्वारा गौशालाओं के संचालन का दायित्व ग्रामीण आजीविका परियोजना के माध्यम से गठित स्थानीय स्व सहायता समूहों को सौंपने का निर्णय लिया गया था। लेकिन शासन की यह जमीनी स्तर पर साकार होती नजर नहीं आ रही है। शासन द्वारा संचालित अधिकांश गौशालाओं में समूह की लापरवाही के चलते रखरखाव, पशुओं की व्यवस्थाओं, प्राथमिक उपचार की सुविधा, भूसे चारे का रखरखाव, बीमार पशुओं की देखभाल नहीं की जा रही है जिससे पशु बीमार होकर मर रहे हैं। लेकिन प्रशासनिक अधिकारियों सहित जनप्रतिनिधि का ध्यान नहीं है।