टीकमगढ़। थाना बमोरीकला अंतर्गत ग्राम कपासी में हुई घर में चोरी की वारदात का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए चोरी गया सम्पूर्ण सोना चांदी का मशरूका बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है जिनके विरुद्ध पूर्व से गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
दिनांक 19 दिसंबर 2025 को फरियादी महेन्द्र पिता मलखान राजपूत निवासी ग्राम कपासी ने थाना बमोरीकला में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 18 दिसंबर 2025 को वह अपने परिवार सहित घर में ताला लगाकर खेत में पानी लगाने गया था। लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और अज्ञात चोरों द्वारा सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए थे। रिपोर्ट पर विभिन्न धाराओं में बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश में कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ श्री आलोक कुमार सिंह द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाह एवं एसडीओपी जतारा अभिषेक गौतम के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी बमोरीकला उप निरीक्षक नीतू खटीक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता से जांच शुरू की।
मुखबिर सूचना से खुला राज
मुखबिर की सूचना के आधार पर विजय सिंह राजपूत एवं राजबहादुर राजपूत दोनों निवासी ग्राम कपासी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने 18 दिसंबर 2025 को फरियादी के घर की छत के रास्ते प्रवेश कर ताले तोड़कर चोरी की थी और चोरी का सामान गांव में ही छिपा दिया था। आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया सम्पूर्ण मशरूका बरामद कर जब्त किया गया।
गिरफ्तार आरोपी और आपराधिक रिकॉर्ड
गिरफ्तार आरोपियों में विजय सिंह पुत्र जगदीश राजपूत, उम्र 28 वर्ष शामिल है जिसके विरुद्ध पूर्व से गंभीर मारपीट एवं आबकारी अधिनियम के तीन अपराध दर्ज हैं। दूसरा आरोपी राजबहादुर उर्फ बहेलिया पुत्र हरचरण राजपूत उम्र 35 वर्ष है जिसके विरुद्ध हत्या एवं गंभीर मारपीट के तीन प्रकरण पूर्व से पंजीबद्ध हैं।
बरामद मशरूका और अनुमानित कीमत
पुलिस ने सोने का फलीदार हार फुलीवाली पांचाली माला दो झुमकी एक जोड़ी कर्णफूल गणपति जी का लॉकेट चांदी की पायल तथा चार बिछिया सहित सम्पूर्ण चोरी गया सामान बरामद किया है। बरामद मशरूका की अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख 54 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में उप निरीक्षक नीतू खटीक सहायक उप निरीक्षक हरिशंकर सिंह सहित थाना बमोरीकला पुलिस के अधिकारियों व कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुरस्कार की घोषणा
पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ द्वारा इस उत्कृष्ट एवं त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

