टीकमगढ़ । शहर में स्मार्ट मीटर स्थापना अभियान अंतिम चरण में पहुंच चुका है। कुल 28,500 उपभोक्ताओं में से अब तक 27,200 उपभोक्ताओं के मीटर बदले जा चुके हैं, जबकि मात्र 1,300 मीटर शेष हैं। इस प्रकार शहर में लगभग 95 प्रतिशत मीटर परिवर्तन का कार्य पूर्ण हो चुका है और केवल 05 प्रतिशत शेष रह गया है। शेष बचे मीटरों को समय-सीमा में बदलने के लिए कार्यपालन अभियंता टीकमगढ़ के निर्देशानुसार तीन अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। इन अधिकारियों के माध्यम से तीन विशेष टीमें गठित कर शहर में तीव्र गति से मीटर बदलने का कार्य किया जा रहा है। मीटर परिवर्तन के दौरान फील्ड में कई स्थानों पर विद्युत चोरी के मामले भी सामने आए हैं। जांच में पाया गया कि कुछ उपभोक्ताओं द्वारा मीटर में छेड़छाड़ कर उसे धीमा किया गया था, तो कहीं इनकमिंग केबल से बायपास कर अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया जा रहा था। कई स्थानों पर मीटर बदलने पहुंचे लाइनमैन को डराने-धमकाने की घटनाएं भी सामने आईं। ऐसे मामलों में मौके पर ही पंचनामा तैयार कर मीटर बदले गए तथा संबंधित प्रकरण दर्ज किए गए। बीते दो दिनों से चल रहे विशेष अभियान में अब तक लगभग 100 मीटर बदले जा चुके हैं, जिनमें से करीब 12 विद्युत चोरी के प्रकरण पाए गए हैं। अधिकारियों का कहना है कि स्थिति को देखते हुए यह स्पष्ट हुआ है कि कुछ लोग भ्रामक व फर्जी वायरल खबरों के कारण मीटर नहीं बदलवा रहे थे। समझाइश के बाद ऐसे उपभोक्ताओं के मीटर बदले गए। वहीं कुछ उपभोक्ता मीटर में छेड़छाड़ या चोरी पकड़े जाने के भय से मीटर बदलने का विरोध कर रहे थे। उल्लेखनीय है कि विभाग द्वारा 31 दिसंबर तक स्मार्ट मीटर स्थापना का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण न होने की स्थिति में संबंधित एजेंसियों व जिम्मेवारों पर कार्रवाई प्रस्तावित है। इसी कारण समस्त अमला पूरी गंभीरता और जोर-शोर से लक्ष्य पूर्ति में जुटा हुआ है कार्यपालन अभियंता द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया कि सोशल मीडिया पर यह गलत जानकारी फैलाई जा रही है कि स्मार्ट मीटर पर 2029 तक रोक लगा दी गई है, जबकि इस फर्जी खबर का विभागीय जनसंपर्क अधिकारी द्वारा आधिकारिक रूप से खंडन पहले ही किया जा चुका है। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और मीटर परिवर्तन में सहयोग करें। प्रेस को यह तमाम जानकारी बिजली विभाग के कार्यपालन अभियंता सुधीर सोनी के हवाले से बिजली विभाग के शहर यंत्री नितिन बाथम ने व्हाट्सएप के माध्यम से लिखित प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए दी है।

