टीकमग। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ओमपाल सिंह भदौरिया और नोडल अधिकारी अजय दीक्षित के निर्देशानुसार विद्यार्थियों को कचरा प्रसंस्करण कचरा प्लांट केंद्र का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक करना है। कचरा प्लांट में नगर पालिका परिषद टीम के सदस्यों ने विद्यार्थियों को विस्तार से बताया कि घरों से निकलने वाले कचरे को गीले और सूखे कचरे में कैसे अलग किया जाता है। बच्चों को यह भी समझाया गया कि गीले कचरे से खाद कम्पोस्ट कैसे बनाई जाती है और इसका उपयोग खेतों व बागवानी में किया जाता है। टीम द्वारा यह भी जानकारी दी गई कि सूखे कचरे जैसे प्लास्टिक, कागज, कांच और धातु को अलग-अलग कर पुनर्चक्रण रीसाइक्लिंग किया जाता है, जिससे पर्यावरण को स्वच्छ रखने में मदद मिलती है और प्राकृतिक संसाधनों की बचत होती है। इस दौरान विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे और कचरा प्रबंधन की पूरी प्रक्रिया को नजदीक से समझा। नगर पालिका परिषद टीम ने बच्चों से अपील की कि वे अपने घर, स्कूल और आसपास के क्षेत्र में कचरा अलग-अलग डालें तथा स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएँ। यह जागरूकता कार्यक्रम बच्चों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेवार नागरिक बनने की भावना विकसित करने की दिशा में एक सराहनीय पहल साबित हुआ।

