टीकमगढ़। शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-1 में आज गुरु गोविंद सिंह के साहिबजादों को नमन करते हुए वीर बाल दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ वीरेंद्र कुमार के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया। केंद्रीय मंत्री डॉ कुमार ने कार्यक्रम के शुभारंभ में गुरु गोविंद सिंह के साहिबजादों को नमन करते हुए उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। तत्पश्चात कार्यक्रम में राष्ट्रगान का गायन किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुये केंद्रीय मंत्री डॉ कुमार ने कहा कि हमें अपने इतिहास को और उन महापुरुषों को याद रखना चाहिए जिन्होंने हमारी आजादी एवं संस्कृति की रक्षा के लिए हंसते-हंसते अपने प्राणों की आहुति दे दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सच्चे सपूतों गुरु गोविंद साहब के साहिबजादों वीर फतेह सिंह व बाबा जोरावर सिंह की शहादत को देशभर में वीर बाल दिवस के रूप में मनाने का निश्चय किया, आज देश ही नहीं पूरी दुनिया में वीर बाल दिवस मनाया जा रहा है। वीर साहिबजादों ने मुगलों के सामने धर्म परिवर्तन ना करते हुए अपनी संस्कृति की रक्षा के लिए शहादत अपनाई, यहां पर बैठे विद्यार्थियों को आज के दौर में वीर महापुरुषों को याद करते हुए मोबाइल की दुनिया से परे अपने इतिहास को पढ़ना चाहिए और आज समय के अनुकूल विकसित भारत के विजन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। श्री विवेक चतुर्वेदी ने कहा कि हमारा इतिहास त्याग, तपस्या एवं बलिदानों से भरपूर रहा है, यह धरती वीर जननी है, जहां साहिबजादों जो केवल 6 और 11 वर्ष की आयु के रहे उन्होंने अपनी संस्कृति की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। सांसद प्रतिनिधि श्री अनुराग वर्मा ने कहा कि विद्यार्थी जीवन में हमें सीखना है अपने देश का इतिहास जो हमारे चरित्र निर्माण में सहायक रहेगा, इस देश पर हजारों अक्रान्ताओं ने आक्रमण किया,पर वीर सपूतों की शहादतों ने देश को आज भी अपने अटल रूप में रखा है। स्कृल प्राचार्य श्री सुनील श्रीवास्तव ने सभी आभार व्यक्त किया और कहा कि उनका पूरा प्रयास रहेगा कि विद्यार्थियों में देश प्रेम व इतिहास के महापुरुषों को अपने जीवन का आदर्श बनाने में व सीखने-पढ़ने की ललक जगे। इस अवसर पर विवेक चतुर्वेदी, सांसद प्रतिनिधि अनुराग वर्मा, केके अग्रवाल, सुरेश दोंदरिया, अरविंद खटीक, सौरभ खटीक, स्वपनिल तिवारी, स्कूल प्राचार्य सुनील श्रीवास्तव सहित स्कूल स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्रा मौजूद रहे।

