टीकमगढ़ । पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के कुशल निर्देशन में जिला पुलिस द्वारा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं यातायात नियमों के प्रति अनुशासन स्थापित करने के उद्देश्य से निरंतर विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। वर्ष 2025 में अब तक यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कुल 17,044 चालान काटे गए हैं, जिनसे 61,36,800 रुपए की राशि शमन शुल्क के रूप में वसूल की गई है। यह कार्रवाई ओवर स्पीडिंग,बिना हेलमेट वाहन चलाना,सीट बेल्ट का उपयोग न करना,शराब पीकर वाहन चलाना,अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर की गई है। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए बहुआयामी प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अंतर्गत स्कूल, कॉलेज एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात जागरूकता कार्यक्रम,गोवंश प्रभावित मार्गों पर सतर्कता,ट्रॉली मार्गों, कुंडेश्वर एवं बानपुर रोड पर रिफ्लेक्टर लगाए जाना,रात्रिकालीन दृश्यता बढ़ाने हेतु आवश्यक सुरक्षा उपाय शामिल हैं। यह अत्यंत चिंताजनक एवं दुखद है कि वर्ष 2025 में 31 दिसंबर 2025 तक कुल 415 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गई हैं। 01 जनवरी 2025 से 30 नवंबर 2025 की अवधि में मृत्यु 120 व्यक्ति,गंभीर रूप से घायल18 व्यक्ति,सामान्य रूप से घायल 335 व्यक्ति शामिल हैं।जिला पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। आम नागरिकों से पुलिस ने अपील की है कि वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग करे,निर्धारित गति सीमा का पालन करे,शराब पीकर वाहन न चलाएं ,यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करें, सड़क सुरक्षा हम सभी की सामूहिक जिम्मेवारी है। नियमों का पालन कर हम न केवल स्वयं सुरक्षित रह सकते हैं, बल्कि दूसरों के जीवन की भी रक्षा कर सकते हैं।

