टीकमगढ़। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने आज संबंधित अधिकारियों के साथ दिगौड़ा तहसील का औचक भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने जनप्रतिनिधियों, आमजन, मीडिया प्रतिनिधियों के साथ संवाद कर क्षेत्र की समस्याओं को सुना एवं निराकरण कराने के निर्देश दिये। चर्चा के दौरान नगरवासियों द्वारा मांग की गई कि दिगौड़ा तहसील में बढ़ती हुई जनसंख्या एवं भविष्य को देखते हुए इसे अनुविभाग के दर्जा दिया जाए। नगरवासियों की मांग को संज्ञान में लेते हुए कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने हर बुधवार को दिगौड़ा तहसील में एसडीएम कोर्ट लगाने एवं आरसीएमएस के सभी प्रकरण दिगौड़ा तहसील में ही निराकृत के कराने के निर्देश दिये। उन्होंने संबंधित तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार को निर्देशित किया सरकारी जमीन को चिन्हित कर अवैध अतिक्रमण हटवाया जाये। नगर के विकास कार्यों के लिये यह आवश्यक निर्णय है। नगरवासियों द्वारा नगर में सामुदायिक भवन की मांग की गई जिस पर श्री श्रोत्रिय ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार दिगौड़ा ग्राम पंचायत को वृन्दावन ग्राम योजना में शामिल किया गया है जिसके डीपीआर में सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य भी प्रस्तावित है। इसी के साथ ही उन्होंने नगर में कॉलेज की मांग पर शीघ्र ही शासन को प्रस्ताव भेजने का आश्वासन दिया। कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने नगरवासियों की गौशाला की मांग पर बताया कि नगर में गौशाला का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है उन्होंने तत्काल डीडी विटनरी को दिगौड़ा में नवनिर्मित गौशाला प्रारंभ कराने के लिये शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिये। नल जल योजना की समीक्षा के दौरान उन्होंने एसडीओ पीएचई को बॉल्व, लीकेज तथा पाईपलाईन की बारीकी से जांच कर संतुष्टि के बाद ही हेन्डऑवर कराने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि उक्त संपूर्ण कार्य 26 जनवरी 2026 से पूर्व पूरा कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने नगर में घनी बस्ती होने के कारण महिला शौचालय के निर्माण को प्राथमिकता देते हुये पुराने थाने की जमीन पर महिला शौचालय बनाने के निर्देश दिये। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री नवीत कुमार धुर्वे, एसडीएम जतारा श्री संजय कुमार दुबे, डिप्टी कलेक्टर सुश्री अंजली शर्मा एवं श्री निशांत भूरिया, तहसीलदार श्रीमती प्राची जैन, जनपद सीईओ जतारा श्री सिद्धगोपाल वर्मा सहित संबंधित अधिकारी, नगरवासी तथा मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

