टीकमगढ़। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने नगर पालिका टीकमगढ़ स्थित वरीघाट जल शोधन संयंत्र यंत्रालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने फिल्टर प्लांट की व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की। इस दौरान उन्होंने मौके पर वाटर स्टोरेज टैंक की साफ-सफाई का जायजा लिया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी टीकमगढ़ श्री ओमपाल सिंह भदौरिया ने बताया कि वरीघाट जल शोधन केन्द्र के साथ साथ नगरीय क्षेत्र की 8 टंकियों में सप्लाई होने वाले पेयजल के सैंपल लिए गए जो कि जांच उपरांत पीने योग्य उपयुक्त पाया गया। साथ ही ईई पीएचई द्वारा बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों के पेयजल के स्रोतों से नोडल अधिकारियों द्वारा जल के 141 नमूने एकत्रित कर जिला प्रयोगशाला लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग टीकमगढ एवं उपखण्डीय प्रयोगशाला में जमा कराया गया है, जिसकी जांच प्रयोगशाला में की जा रही है। अभी तक कुल 40 सैंपल के टेस्ट पूर्ण हो चुके हैं जिनमें 38 सैंपल पीने योग्य पाए गए एवं 02 सैंपल में टर्बिडिटी गंदापन पाया गया। शेष सैंपल की जांच जारी है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने फिल्टर प्लांट में स्थित लैब में फिल्टर किए गए पानी के पीएच वैल्यू टेस्ट, कंडक्टिविटी टेस्ट, टर्बाेडिटी टेस्ट को देखा तथा वाटर फिल्टर टैंक की गुणवत्ता पूर्ण साफ-सफाई रखने एवं गहन निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सप्लाई पाइपलाइन का प्राथमिकता से निरीक्षण करें एवं लाइन में कोई टूट फूट या क्षति पाई जाती है तो तत्काल सुधार करवाएं। जल शोधन संयंत्रों पर स्थापित प्रयोग शालाओं में जल की गुणवत्ता तथा शोधित जल की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की प्रयोगशालाओं में समय-समय पर सैंपल चेकिंग कराई जाए। इस अवसर पर सीएमओ नगर पालिका टीकमगढ़ श्री ओमपाल सिंह भदौरिया, नगर पालिका जल प्रदाय प्रभारी एवं उपयंत्री सुश्री जेबा मंसूरी, नगर पेयजल सप्लाई प्रभारी श्री अनिल श्रीवास्तव, बारीघाट सुपरवाईजर बिहारी लाल कुशवाहा एवं राजीव नामदेव सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

