टीकमगढ़ । आगामी मकर संक्रांति पर्व के अवसर पर पतंगबाजी के दौरान होने वाली संभावित दुर्घटनाओं एवं जनहानि को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में जिले में प्रतिबंधित चाइनीज़ मांझे के निर्माण, विक्रय एवं उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण हेतु विशेष चेकिंग अभियान संचालित किया जा रहा है।
इस अभियान के अंतर्गत जिले के समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि चाइनीज़ मांझे की अवैध बिक्री अथवा उपयोग पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
साथ ही, आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह जनहित एडवाइजरी जारी की जा रही है, जिसका पालन करने की अपील सभी जिलेवासियों से की जाती है चाइनीज़ मांझे में लगभग 5 प्रकार के रासायनिक पदार्थों एवं धातुओं का प्रयोग किया जाता है, जिससे यह अत्यधिक तेज धारदार बन जाता है। धातु युक्त होने के कारण इससे करंट लगन का भी गंभीर खतरा रहता है।
इसके संपर्क में आने पर पक्षियों एवं पशुओं के घायल होने, हड्डियाँ टूटने अथवा मृत्यु तक की आशंका रहती है।यह मांझा उंगलियों, हथेलियों, पैरों, गर्दन एवं शरीर के अन्य हिस्सों को गंभीर रूप से घायल कर सकता है। ब्लेड की तरह धारदार होने के कारण यह कई बार जानलेवा दुर्घटनाओं का कारण भी बन चुका है। पतंगबाजी में चाइनीज़ मांझे का प्रयोग कदापि न करें। चाइनीज़ मांझे के स्थान पर सामान्य सूती,साधारण धागे का मांझा* ही उपयोग करें, जो सुरक्षित होता है। अभिभावक अपने बच्चों को चाइनीज़ मांझे से दूर रखें एवं इसके खतरों के प्रति जागरूक करें। बच्चों को केवल अपनी निगरानी में पतंग उड़ाने दें और यह सुनिश्चित करें कि वे सुरक्षित मांझे का ही उपयोग कर रहे हों। पतंग के किसी स्थान पर उलझने या टकराने की स्थिति में उसे ज़ोर से खींचने का प्रयास न करें। खुले एवं सुरक्षित स्थान पर ही पतंग उड़ाएं।
जिले में चाइनीज़ मांझे की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित है। कोई भी दुकानदार यदि चाइनीज़ मांझा बेचते पाया गया, तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चाइनीज़ मांझे का उपयोग करते पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भी कठोर कार्यवाही की जाएगी। जिलेवासियों को सूचित किया जाता है कि चाइनीज़ मांझा न केवल मानव जीवन के लिए घातक है, बल्कि पशु-पक्षियों के लिए भी अत्यंत जानलेवा है। जनहित एवं सुरक्षा की दृष्टि से सभी नागरिकों से सहयोग की अपेक्षा की जाती है।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

