टीकमगढ़। नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत नगर पालिका की दुकानों के किराये को लेकर शहर में व्याप्त असमंजस और अफवाहों के बीच बुधवार को नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार उर्फ पप्पू मलिक ने गांधी चौराहे पर शहर के व्यापारियों एवं दुकानदारों के साथ खुली बैठक कर स्थिति पूरी तरह स्पष्ट कर दी। अध्यक्ष ने दो टूक शब्दों में कहा कि नगर पालिका ने दुकानों का किराया बढ़ाने का कोई निर्णय नहीं लिया है और बिना व्यापारियों की सहमति के किसी भी प्रकार का किराया बढ़ाना नगर पालिका की मंशा में नहीं है। गौरतलब है कि बुधवार को दिन के समय शहर के व्यापारी एवं दुकानदार नगर पालिका अध्यक्ष से उनके कार्यालय में मुलाकात करने पहुंचे थे। वे नगर पालिका की दुकानों के संभावित किराया वृद्धि को लेकर अपनी आशंकाएं और सुझाव रखना चाहते थे। किंतु नगर पालिका अध्यक्ष उस समय नगर के विभिन्न वार्डों के भ्रमण पर थे, जिस कारण मुलाकात संभव नहीं हो सकी। इसके पश्चात व्यापारियों ने दूरभाष पर नगर पालिका अध्यक्ष से संपर्क किया। दूरभाष पर हुई चर्चा में अध्यक्ष ने व्यापारियों को आश्वस्त किया कि शाम को अलाव निरीक्षण के दौरान गांधी चौराहे पर बैठक आयोजित की जाएगी, जहां किराये से जुड़े सभी पहलुओं पर खुलकर चर्चा की जाएगी। अध्यक्ष ने अपना वादा निभाते हुए शाम को स्वयं गांधी चौराहे पहुंचे और व्यापारियों व दुकानदारों से सीधे संवाद किया। गांधी चौराहे पर जुटे व्यापारी, सौहार्दपूर्ण माहौल
गांधी चौराहे पर आयोजित इस बैठक में शहर के लगभग सभी प्रमुख बाजारों के व्यापारी और दुकानदार बड़ी संख्या में मौजूद रहे। बैठक का माहौल शांत, सौहार्दपूर्ण और संवादात्मक रहा। व्यापारियों ने अपनी-अपनी समस्याएं और आशंकाएं नगर पालिका अध्यक्ष के समक्ष रखीं, वहीं अध्यक्ष ने सभी बिंदुओं पर विस्तार से अपनी बात रखी।
परिषद बैठक में किराया बढ़ाने का प्रस्ताव पारित नहीं
नगर पालिका अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार उर्फ पप्पू मलिक ने स्पष्ट करते हुए कहा कि हाल ही में हुई नगर पालिका परिषद की बैठक में दुकानों का किराया बढ़ाने का कोई प्रस्ताव पारित नहीं किया गया है। केवल यह निर्णय लिया गया था कि एक समिति टीम का गठन किया जाए, जो नगर पालिका की दुकानों के वर्तमान किराये, बाजार की स्थिति और व्यापारियों की आर्थिक परिस्थितियों का अध्ययन करेगी। अध्यक्ष ने कहा कि यह समिति आगामी दिनों में व्यापारियों और दुकानदारों के साथ बैठक कर उनके सुझाव सुनेगी। चर्चा के बाद जो भी निर्णय लिया जाएगा, वह पूरी तरह व्यापारियों की सहमति से होगा।
—हिटलरशाही नहीं चलेगी- नपाअध्यक्ष मलिक का स्पष्ट संदेश—-नपा अध्यक्ष ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा,नगर पालिका में किसी भी प्रकार की हिटलरशाही नहीं चलेगी। अगर व्यापारी और दुकानदार किराया बढ़ाने के पक्ष में नहीं होंगे, तो किराया नहीं बढ़ेगा। मैं आपका सेवक हूँ, मालिक नहीं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका प्रशासन का उद्देश्य व्यापारियों पर आर्थिक बोझ डालना नहीं, बल्कि शहर के विकास के साथ सभी वर्गों को साथ लेकर चलना है। वही नगर पालिका अध्यक्ष ने व्यापारियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जानबूझकर भ्रम फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं, जिससे व्यापारियों में अनावश्यक भय उत्पन्न हो रहा है।—भाजपा पार्षदों पर लगाए आरोप—-बैठक के दौरान नपा अध्यक्ष ने भाजपा के कुछ पार्षदों पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि परिषद की बैठक में जब दुकानों के किराये को लेकर चर्चा हुई थी, तब सभी पार्षदों ने इस पर सहमति जताई थी। लेकिन अब वही पार्षद सात दिन बाद व्यापारियों और दुकानदारों के साथ खड़े होकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, जो कि राजनीति से प्रेरित है और व्यापारियों को भ्रमित करने का प्रयास है।—-मैं व्यापारियों के साथ खड़ा हूँ—-
नगर पालिका अध्यक्ष ने अंत में स्पष्ट कहा की शहर के सभी व्यापारी और दुकानदार मेरे अपने हैं। मैं हमेशा उनके साथ खड़ा हूँ। नगर पालिका का हर निर्णय पारदर्शिता, संवाद और आपसी सहमति से ही लिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भविष्य में भी किसी भी विषय पर निर्णय लेने से पहले व्यापारियों से चर्चा की जाएगी, ताकि किसी को भी परेशानी न हो। बैठक के बाद व्यापारियों ने भी संतोष व्यक्त किया और नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा दिए गए आश्वासन का स्वागत किया। बैठक शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

