टीकमगढ़। जिले में कृषक कल्याण वर्ष 2026 के राज्य स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम का जिला स्तरीय कार्यक्रम कृषि विज्ञान केन्द्र में आयोजित किया गया जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की गरिमामयी उपस्थिति में जम्बूरी मैदान भोपाल में आयोजित कृषक सम्मेलन, वृहद ट्रैक्टर रैली का सीधा प्रसारण किया गया। जिला स्तरीय कार्यक्रम में कृषकों को विभिन्न अतिथियों द्वारा मोटा अनाज को अपनाने, प्राकृतिक,जैविक खेती को प्रोत्साहित करने, पराली,नरवाई नहीं जलाने सहित कृषक कल्याण वर्ष 2026 अंतर्गत की जाने वाली गतिविधियों पर जानकारी दी गई। कृषक कल्याण वर्ष 2026 के उपलक्ष्य में जिले के सभी विकासखंडों में एक-एक कृषि रथ एक माह तक चलाया जायेगा। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों के द्वारा हरी झंडी दिखाकर कृषि रथ को रवाना किया गया। इस अवसर पर लगभग 255 कृषक बंधु एवं महिलाएं आदि उपस्थित हुई। कार्यक्रम में श्रीमती सरोज राजपूत, जिला अध्यक्ष भारतीय किसान संघ शिव मोहन गिरी, उपाध्यक्ष किसान मोर्चा अंशुल व्यास, जिला कोषाध्यक्ष भारतीय किसान संघ अवधेश गिरी आदि जनप्रतिनिधियों सहित अपर कलेक्टर शिव प्रसाद मंडराह, उपसंचालक कृषि श्री मनोज कश्यप, एसडीएम टीकमगढ़ श्रीमती संस्कृति मुदित लिटोरिया, कृषि महाविद्यालय के अधिष्ठाता डीएस तोमर, कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी बीएस किरार सहित अन्य वैज्ञानिकगण व कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, कृषि अभियांत्रिकी विभाग के समस्त अधिकारी,कर्मचारियों व मैदानी अमले की उपस्थिति रही।

