टीकमगढ़। पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना के निर्देशानुसार, आईजीपी सागर जोन डॉ. हिमानी खन्ना एवं डीआईजी छतरपुर रेंज विजय खत्री के कुशल मार्गदर्शन में तथा पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के सशक्त नेतृत्व में जिले में वर्ष 2025 के दौरान फरार स्थाई एवं गिरफ्तारी वारंटियों की गिरफ्तारी हेतु ऑपरेशन वारंट का प्रभावी संचालन किया गया। जिले में लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों की गिरफ्तारी को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा जिला स्तर पर विशेष रणनीति तैयार की गई। अभियान के अंतर्गत सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित कर मुखबिर तंत्र, तकनीकी संसाधनों एवं साइबर सेल की सहायता से समर्पित पुलिस टीमें गठित की गईं। इन टीमों द्वारा सतत निगरानी रखते हुए फरार वारंटियों की सूचनाएँ संकलित की गईं एवं उनके संभावित ठिकानों पर योजनाबद्ध दबिश दी गई। इस सुनियोजित एवं निरंतर अभियान के परिणामस्वरूप वर्ष 2025 में पुलिस द्वारा 271 स्थाई वारंटियों तथा 2904 गिरफ्तारी वारंटियों को गिरफ्तार कर विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया। गिरफ्तार किए गए फरार अपराधियों में 49 ऐसे कुख्यात आरोपी शामिल हैं, जिन पर कुल 02 लाख रुपये का इनाम घोषित था। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा चुका है। उक्त अभियान का संचालन अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाह एवं एस.डी.ओ.पी. टीकमगढ़,जतारा के पर्यवेक्षण में किया गया, जिसमें जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा पुलिस बल ने अत्यंत सराहनीय एवं सक्रिय भूमिका निभाई। पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र एवं साइबर सेल की सशक्त कार्यप्रणाली के माध्यम से न केवल जिले के भीतर, बल्कि *राज्य के बाहर छिपे फरार वारंटियों को भी चिन्हित कर गिरफ्तार किया गया। जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने एवं नागरिकों में सुरक्षा का भाव सुदृढ़ करने के उद्देश्य से टीकमगढ़ पुलिस द्वारा निरंतर दैनिक पैदल गश्त,मोबाइल पेट्रोलिंग,रात्रिकालीन सघन गश्त जैसी प्रभावी पुलिसिंग गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। पुलिस अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध कठोर एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। जिले में कानून, शांति एवं नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना टीकमगढ़ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

