टीकमगढ़। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला न्यायाधीश,अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती प्रवीणा व्यास के मुख्य आतिथ्य एवं मार्गदर्शन में 12 जनवरी 2026 सोमवार के दिन कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, ए.डी.आर. भवन के सभाकक्ष में राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रधान जिला न्यायाधीश,अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, टीकमगढ़ श्रीमती प्रवीणा व्यास द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित सरोज कान्वेंट विद्यालय के छात्रों को संबोधित करते हुए बताया कि राष्ट्रीय युवा दिवस मनाने का उददेश्य आज के युवाओं को भविष्य में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना, अपने देश के प्रति कर्तव्यनिष्ठ बनाना तथा स्वामी विवेकानंद के सिद्धांतों पर चलने के लिए प्रेरित करना है ताकि स्वर्णिम भारत का निर्माण हो सके। भारत की अधिकांश जनसंख्या युवा वर्ग की है, किसी भी देश का भविष्य उस देश के युवाओं पर निर्भर करता है। इस अवसर पर छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने समय का उपयोग अपनी पढ़ाई और लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए करें तथा मोबाइल एवं सोशल मीडिया से दूर रहें।
मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट टीकमगढ़ श्री प्रियंक दुवे द्वारा छात्रों को यातायात से संबंधित नियमों की जानकारी देते हुए उनका पालन करने के लिए कहा। इस अवसर पर पुलिस एसडीओपी राहुल कटरे के द्वारा छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने के लिए कहा तथा सोशल मीडिया एवं डार्क बेब से संबंधित विस्तृत जानकारी देते हुए छात्रों को इनसे दूर रहने की सलाह दी तथा यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा सोशल मीडिया अथवा अन्य प्रकार से परेशान किया जाये तो इसकी जानकारी अविलंब पुलिस को दें। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, टीकमगढ़ श्रीमती सुनीता गोयल द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित छात्रों को नशा से संबंधित डीएडब्ल्यूएन स्कीम की जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना का उददेश्य नशा पीड़ित व्यक्तियों को निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान करना तथा उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम के अंत में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के द्वारा छात्रों को पेन वितरित करते हुए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम संचालन एवं आभार प्रदर्शन जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री अनुज कुमार चंसौरिया के द्वारा किया गया। इस अवसर पर सरोज काॅन्वेंट विद्यालय के शिक्षक एवं छात्र तथा एल.ए.डी.सी.एस. के अधिवक्तागण उपस्थित रहें।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

