टीकमगढ़ । वर्ष 2025 पुलिस के लिए उल्लेखनीय उपलब्धियों, नवाचार आधारित पुलिसिंग एवं प्रभावी अपराध नियंत्रण का महत्वपूर्ण वर्ष रहा। जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने, महिला एवं बाल सुरक्षा को प्राथमिकता देने, जनसेवा, पारदर्शिता तथा जवाबदेह पुलिसिंग को नई दिशा देने हेतु किए गए सतत प्रयासों के परिप्रेक्ष्य में वरिष्ठता एवं सेवा अभिलेख के आधार पर पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएसपी के पद पर पदोन्नत किया गया है।पुलिस महानिरीक्षक, सागर जोन डॉ. हिमानी खन्ना द्वारा श्री मंडलोई को रैंक लगाकर बधाई दी गई। उन्होंने उनके कार्यकाल में टीकमगढ़ जिले में लागू नवाचार आधारित पुलिसिंग मॉडल नव पहल की विशेष रूप से सराहना की, जिसके अंतर्गत महिला सुरक्षा को जीवन-चक्र आधारित दृष्टिकोण से कवर करते हुए नीड, परी, भरोसा, सहारा, एवं आसरा जैसे अभियानों का प्रभावी क्रियान्वयन किया गया। इन नवाचारात्मक के सकारात्मक परिणामस्वरूप वर्ष 2024 की तुलना में 2025 में महिला अपराधों में औसतन लगभग 33 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। उल्लेखनीय रूप से शीलभंग के मामलों में लगभग 21 प्रतिशत कमी,दहेज प्रताड़ना के मामलों में 50% से अधिक की गिरावट,भ्रूण हत्या के प्रकरणों में लगभग 43% की कमी दर्ज की गई, जो महिला सुरक्षा के क्षेत्र में ठोस उपलब्धि को दर्शाती है। पुलिस महानिरीक्षक द्वारा यह भी उल्लेख किया गया कि वर्ष 2025 में गंभीर अपराधों में ऐतिहासिक कमी दर्ज हुई, जिसमें हत्या के मामलों में लगभग 24 प्रतिशत कमी,हत्या के प्रयास के मामलों में लगभग 43 प्रतिशत कमी,लूट के प्रकरणों में लगभग 22 प्रतिशत कमी,गृह भेदन के मामलों में लगभग 13 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई। इसके साथ ही संपत्ति संबंधी अपराधों में कुल 37 प्रतिशत की गिरावट एवं मशरूका बरामदगी में 19 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि ने अपराध नियंत्रण की प्रभावशीलता को प्रमाणित किया। इसके अतिरिक्त मुस्कान अभियान के अंतर्गत 223 गुमशुदा नाबालिगों की सुरक्षित बरामदगी, सीएम हेल्पलाइन में जिले का लगातार चार बार प्रथम स्थान, अवैध मादक पदार्थ, अवैध शराब एवं हथियारों पर सख्त कार्रवाई, तथा 14 पुलिस थानों को आईएसओ प्रमाणन प्राप्त होना टीकमगढ़ पुलिस की अन्य प्रमुख उपलब्धियाँ रहीं। पदोन्नति उपरांत पुलिस अधीक्षक कार्यालय, टीकमगढ़ में आयोजित सादे एवं गरिमामय समारोह में जिले के समस्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा एसएसपी श्री मंडलोई को पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएँ दी गईं। अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके नेतृत्व में तकनीक आधारित पुलिसिंग, जनसंवाद की मजबूती एवं पुलिस जन विश्वास में वृद्धि को टीम टीकमगढ़ पुलिस की सामूहिक सफलता बताया। एसएसपी मनोहर सिंह मंडलोई ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पदोन्नति एक नियमित विभागीय प्रक्रिया का हिस्सा है, जिसे वे टीम पुलिस के सामूहिक परिश्रम, अनुशासन एवं जनसहयोग का परिणाम मानते हैं। उन्होंने भविष्य में भी पुलिसिंग को संवेदनशील, पारदर्शी, नवाचारोन्मुख एवं परिणामकारी बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।

