टीकमगढ़। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने संबंधित अधिकारियों के साथ ग्राम पंचायत बैसा में जनसुनवाई के दौरान आमजन से प्राप्त शिकायतों एवं समस्याओं को सुना तथा निराकरण हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणजनों से चर्चा कर ग्राम में मूलभूत सुविधाओं एवं शासन की कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। जनसुनवाई के दौरान 43 आवेदन प्राप्त हुये। जनसुनवाई के दौरान जशोदा पत्नी भागीरथ रैकवार महिला आवेदक द्वारा मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं मिलने की शिकायत पर कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल शिकायत का निराकरण कराने के निर्देश दिये। इसके साथ ही जनसुनवाई में धर्मेन्द्र पुत्र नंदराम द्वारा नामांतरण के आवेदन का तत्काल निराकरण करते हुये नामांतरण का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। इसी प्रकार 4 बीपीएल के आवेदनों पर भी तत्काल कार्यवाही करते हुये बीपीएल कार्ड बनवाने के निर्देश दिये। जनसुनवाई में ग्रामीणजनों द्वारा ग्राम में शासकीय माध्यमिक विद्यालय में नियमित कक्षायें नहीं लगने की शिकायत की गई, जिस पर कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने संबंधित अधिकारियों को दूरभाष पर विद्यालय में नियमित कक्षायें लगवाने के निर्देश दिये। साथ ही ग्रामीणजनों द्वारा स्वास्थ्य तथा नलजल योजना के संबंध में समस्याओं से कलेक्टर श्री श्रोत्रिय को अवगत कराया गया, जिस पर श्री श्रोत्रिय ने ईई पीएचई को नलजल योजना से नियमित ग्रामीणजनों को पेजयल सप्लाई कराने तथा बीएमओ को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के शीघ्र निराकरण कराने के निर्देश दिये। कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने जनसुनवाई के दौरान उपस्थित कृषकों एवं ग्रामीणजनों को जानकारी देते हुये बताया कि शासन के निर्देशानुसार कृषक कल्याण वर्ष 2026 के तहत सालभर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आधुनिक तकनीक, उन्नत बीज, सिंचाई, भंडारण और बाजार तक बेहतर पहुंच के माध्यम से खेती को लाभ का व्यवसाय बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके लिये शासन द्वार कृषक रथों के माध्यम सरकार की विभिन्न योजनाओं, नवाचारों और भावी कार्ययोजना की जानकारी भी किसानों को दी जा रही है। किसानों को प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा देने के साथ खेती-किसानी में नवाचारों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। तकनीक, नवाचार और वैज्ञानिक सोच से खेती को उन्नत करेंगे। कृषि के साथ डेयरी, पशुपालन, मत्स्य पालन और खाद्य प्रसंस्करण सेक्टर्स सहित फल, सब्जी मसाला एवं औषधीय फसलों के उत्पादन को भी मजबूती से बढ़ावा देने के लिये प्रोत्साहित किया जा रहा है। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री नवीत कुमार धुर्वे, एसडीएम बल्देवगढ़ श्रीमती भारती देवी मिश्रा, तहसीलदार बल्देवगढ़ डॉ. एके गुप्ता, कृषि विभाग के अधिकारियों सहित संबंधित अधिकारी कर्मचारी व आवेदक उपस्थित रहे।

