टीकमगढ़। थाना दिगौड़ा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मझगुवा स्थित टेड़ा हार खेत में फसल की रखवाली कर रहे 58 वर्षीय भगवानदास साहू की धारदार हथियार से हत्या का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही थाना दिगौड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल आवश्यक वैधानिक कार्यवाही प्रारंभ की।
घटनास्थल पर थाना दिगौड़ा पुलिस टीम के साथ वरिष्ठ अधिकारी, एफएसएल अधिकारी, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट एवं डॉग स्क्वाड भी मौजूद रहे। मृतक के पुत्र मुकेश साहू की रिपोर्ट पर मौके पर ही देहाती नालिशी दर्ज की गई। इसके बाद थाना दिगौड़ा में विभिन्न धाराओं में भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने शीघ्र खुलासे एवं आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। एएसपी विक्रम सिंह कुशवाहा एवं एसडीओपी जतारा अभिषेक गौतम के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा के नेतृत्व में चार विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया।
विवेचना के दौरान फरियादी प्रत्यक्षदर्शी एवं अन्य विश्वसनीय सूत्रों से प्राप्त जानकारी के आधार पर साहिब सिंह परमार पर संदेह स्थापित हुआ। जांच में सामने आया कि तंबाकू मांगने को लेकर आरोपी और मृतक के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के दौरान आरोपी ने हत्या की नीयत से कुल्हाड़ी से भगवानदास साहू के सिर पर प्राणघातक वार किया जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई।
आरोपी की तलाश में पुलिस टीमों द्वारा ग्राम मझगुवा एवं संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी गई। विश्वसनीय सूचना के आधार पर मझगुवा तालाब के पास घेराबंदी कर आरोपी साहिब सिंह परमार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी जप्त कर विधिवत जप्ती पंचनामा तैयार किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी को आज माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। मामले में आगे की विवेचना नियमानुसार जारी है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मनीष मिश्रा उप निरीक्षक कल्याण सिंह प्रधान आरक्षक विजय घोष राकेश घोष आनंद सुडेले अनिल रिछारिया अभय वर्मा तथा आरक्षक अंकित साहू जगभान रजक राघवेन्द्र लोधी एवं नीलू सिंह की सराहनीय भूमिका रही।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

