टीकमगढ़ । पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने हेतु निरंतर सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिले के समस्त थाना प्रभारियों को मुखबिर तंत्र को सुदृढ़ करने, अवैध गतिविधियों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रतिदिन की जानकारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय को उपलब्ध कराने हेतु स्पष्ट निर्देश प्रदान किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रत्येक थाना क्षेत्र में विशेष पुलिस टीमों का गठन कर अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध छापामार कार्रवाई की जा रही है। मुखबिर तंत्र से प्राप्त विश्वसनीय सूचनाओं के आधार पर वर्ष 2025 में टीकमगढ़ पुलिस द्वारा जुआ फड़ों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए 0613 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उक्त कार्रवाई के दौरान 05,03,455 रुपये का मशरूका जप्त कर कुल 148 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं, जिनमें आरोपियों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई की गई है। इसी प्रकार सट्टा जैसी अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण हेतु वर्ष 2025 में 50 आरोपियों के विरुद्ध 48 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए हैं तथा 81,622 रुपये का मशरूका जप्त कर विधि अनुसार कठोर कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक द्वारा सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर सतत निगरानी बनाए रखें एवं आवश्यकतानुसार छापामार कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करें। टीकमगढ़ पुलिस जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है तथा भविष्य में भी अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

