टीकमगढ़। दिनांक 18 जनवरी 2026 को ग्राम मातोली में क्रिकेट मैच के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। खेलते समय बलराम अहिरवार उर्फ बालादीन अहिरवार (पिता लछुआ अहिरवार), उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम मातोली के साथ विकाश अहिरवार एवं एक विधि विरुद्ध बालक द्वारा क्रिकेट के बल्ले से मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल बलराम अहिरवार की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना पर थाना कोतवाली टीकमगढ़ में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाह एवं एसडीओपी टीकमगढ़ राहुल कटरे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली बृजेंद्र सिंह घोष के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिनांक 19 जनवरी 2026 को आरोपी विकाश अहिरवार पिता पन्नालाल अहिरवार, उम्र 18 वर्ष 4 माह तथा एक अन्य विधि विरुद्ध बालक को पुलिस अभिरक्षा में लिया। दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय टीकमगढ़ में प्रस्तुत किया गया।

