टीकमगढ़। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में दिनांक 20 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की *कार्यस्थितियों, कल्याण एवं व्यक्तिगत समस्याओं की समीक्षा आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक द्वारा बीमारी, दुर्घटना, पारिवारिक परिस्थितियों एवं अवकाश से संबंधित प्रकरणों में प्रभावित पुलिसकर्मियों से संवेदनशीलता के साथ सीधा संवाद स्थापित किया गया। उन्होंने कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के स्वास्थ्य एवं परिस्थितियों की जानकारी लेते हुए प्रत्येक प्रकरण में आवश्यक प्रशासनिक सहयोग एवं मानवीय सहायता सुनिश्चित किए जाने का आश्वासन दिया। पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने लंबित सिक प्रकरणों, अवकाश आवेदनों एवं अन्य प्रशासनिक मामलों के शीघ्र, निष्पक्ष एवं संवेदनशील निराकरण के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि *कर्मचारी कल्याण पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता* है तथा किसी भी कर्मचारी को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं होने दिया जाएगा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने अनुशासन को पुलिस संगठन की आधारशिला बताते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नियमित परेड में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि अनुशासनहीनता, कर्तव्य में लापरवाही अथवा वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना की स्थिति में विभागीय नियमों के अंतर्गत कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा,रक्षित निरीक्षक कनक सिंह चौहान सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

