टीकमगढ़। सर्दी के मौसम में गरीब, असहाय एवं जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से मानवीय संवेदना समिति द्वारा चलाए गए कंबल वितरण अभियान का समापन समारोह 21 जनवरी 2026 बुधवार के दिन आयोजित किया गया। यह अभियान जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में लगातार चलाया गया, जिसके अंतर्गत बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोगों को कंबल वितरित किए गए। समापन समारोह में पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने समिति के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे मानवीय प्रयास समाज में करुणा, सहयोग और संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने समिति के सदस्यों को भविष्य में भी इसी प्रकार जनसेवा के कार्य निरंतर करते रहने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में कृषि वैज्ञानिक योगरंजन, राधाचरण गोस्वामी, इंजीनियर विवेक जैन, साहित्यकार हरेंद्रपाल सिंह एवं समाजसेवी सुरेश मिश्रा उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने समिति द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों को सराहनीय बताते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया। समिति के सचिव मनीराम कठैल ने कहा कि मानवीय संवेदना समिति सेवा को ही अपना मूल मंत्र मानते हुए समाज के जरूरतमंद वर्ग के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि कंबल वितरण अभियान के माध्यम से ठंड के मौसम में गरीब एवं असहाय लोगों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया है, और भविष्य में भी समिति इसी प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करती रहेगी। समिति के पदाधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य ठंड से बचाव के साथ-साथ समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना रहा। इस अभियान को सफल बनाने में समिति के सदस्यों, स्वयंसेवकों एवं सहयोगियों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का मंच संचालन वीरेंद्र चंसौरिया ने किया। समिति द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों पर विस्तार से प्रकाश समिति के प्रवक्ता विनोद राय ने डाला, वहीं अंत में समिति के अध्यक्ष देवेंद्र योगी ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर रमेश खरे, स्वतंत्र कुमार जैन, रनमत शर्मा, ज्ञान मिश्रा इरफ़ान अहमद, रामचरण अहिरवार, सतीश सूत्रकार, कल्लू विश्वकर्मा, मो. शाहिद खान सहित समिति के अन्य सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। प्रेस को यह तमाम जानकारी मानवीय संवेदना समिति के प्रवक्ता विनोद कुमार राय ने व्हाट्सएप के माध्यम से प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए दी है।