टीकमगढ़। जिले में नारकोटिक्स एवं अन्य नशीली दवाओं की रोकथाम अवैध तस्करी पर अंकुश और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक दिनांक 22 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय टीकमगढ़ में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई ने की।
बैठक में अपर कलेक्टर अध्यक्ष प्रतिनिधि जिला शिक्षा अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उपसंचालक कृषि, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला औषधि निरीक्षक वाणिज्य कर अधिकारी जिला आबकारी अधिकारी शासकीय अग्रणी महाविद्यालय के प्राचार्य तथा नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो भोपाल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिले में मादक पदार्थों की तस्करी अवैध बिक्री और नशे के बढ़ते प्रभाव पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध विक्रय पर सतत और प्रभावी निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि सामने आने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस विभाग को अवैध मादक पदार्थों की जप्ती और नारकोटिक ड्रग्स एवं मनोप्रभावी पदार्थ अधिनियम के तहत दर्ज प्रकरणों की समीक्षा कर संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान करते हुए लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। जिला औषधि निरीक्षक को मेडिकल स्टोर्स पर प्रिस्क्रिप्शन वाली एवं सिंथेटिक नशीली दवाओं की सघन जांच करने तथा बिना चिकित्सकीय पर्चे के नशीली दवाओं की बिक्री पर कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया।
राजस्व विभाग को शासकीय बंजर भूमि पर अवैध मादक पदार्थों की खेती की निरंतर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग को विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में नशा विरोधी समिति के गठन, नोडल अधिकारी की नियुक्ति परिसरों के आसपास संदिग्ध दुकानों पर नजर रखने तथा मुख्य प्रवेश द्वारों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए गए।
कृषि विभाग को अवैध मादक पदार्थों की खेती से प्रभावित क्षेत्रों में वैकल्पिक विकास कार्यक्रम संचालित करने और किसानों को जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। स्वास्थ्य विभाग को स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के माध्यम से नशीली दवाओं के दुष्प्रभावों को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाने तथा अवैध बिक्री से संबंधित सूचनाओं का आदान प्रदान करने के निर्देश दिए गए। आबकारी विभाग को अवैध शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों की जांच कर विक्रेताओं और निर्माताओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के साथ-साथ जनजागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए। नारकोटिक्स नियंत्रण ब्यूरो भोपाल को मादक पदार्थों की तस्करी पर निगरानी रखते हुए संबंधित थाना क्षेत्रों में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।
बैठक के समापन पर पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने सभी विभागीय सदस्यों से अपील की कि नशे से प्रभावित गांवों की पहचान कर उन्हें गोद लिया जाए और उन्हें नशामुक्त बनाने के लिए एक समग्र एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि जिला स्तर पर समन्वित प्रयास और सतत निगरानी के माध्यम से ही नशा मुक्त टीकमगढ़ की दिशा में ठोस और सकारात्मक परिणाम सुनिश्चित किए जा सकते हैं।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

