टीकमगढ़। भारत के 77वें गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2026 के अवसर पर जिला मुख्यालय टीकमगढ़ में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह की तैयारियों के क्रम में आज पुलिस लाइन ग्राउंड पर परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अंतिम रिहर्सल आयोजित की गई। रिहर्सल के दौरान गणतंत्र दिवस समारोह को गरिमामय, अनुशासित एवं सुव्यवस्थित बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोहर सिंह मंडलोई ने समारोह की संपूर्ण व्यवस्थाओं का गंभीरता एवं अनुशासनात्मक दृष्टिकोण से सूक्ष्म निरीक्षण किया। उन्होंने परेड की सलामी लेकर टुकड़ियों की ड्रिल, अनुशासन, तालमेल एवं समग्र प्रस्तुति का अवलोकन किया तथा गणतंत्र दिवस की गरिमा के अनुरूप कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
अंतिम पूर्वाभ्यास के दौरान पुलिस बल एवं अन्य विभागीय टुकड़ियों द्वारा मार्च-पास्ट परेड प्रस्तुत की गई, जिसमें अनुशासन, एकरूपता एवं सजगता स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई। साथ ही जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं द्वारा पीटी प्रदर्शन एवं देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें उपस्थित अधिकारियों ने सराहा।
पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने प्रतिभागी विद्यार्थियों एवं अधिकारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक औपचारिक समारोह नहीं, बल्कि संविधान, राष्ट्र और कर्तव्यों के प्रति हमारी सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, अनुशासन एवं आपसी समन्वय को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
रिहर्सल के दौरान अपर कलेक्टर शिवप्रसाद मंडराह भी उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रशासनिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक समन्वय सुनिश्चित किया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री विक्रम सिंह कुशवाहा, एसडीएम टीकमगढ़ श्रीमती संस्कृति मुदित लटौरिया, सीएमओ टीकमगढ़ ओमपाल सिंह भदौरिया, सीएमएचओ डॉ. ओपी अनुरागी, जिला शिक्षा अधिकारी एच.एस. चौहान, तहसीलदार टीकमगढ़ श्री सतेंद्र सिंह गुर्जर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यालयीन छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहीं।
जिले में गणतंत्र दिवस समारोह को सुरक्षित, अनुशासित एवं गरिमामय रूप प्रदान करने हेतु पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में सभी तैयारियाँ अब अंतिम चरण में हैं।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

