टीकमगढ़। 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने टीकमगढ़ जिले के समस्त नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं। इस अवसर पर उन्होंने जिलेवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए साइबर अपराध एवं मोबाइल सुरक्षा से संबंधित एक महत्वपूर्ण चेतावनी भी जारी की।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वर्तमान समय में साइबर अपराधी अत्याधुनिक तरीकों का उपयोग कर आम नागरिकों की व्यक्तिगत जानकारी चोरी करने का प्रयास कर रहे हैं। विशेष रूप से फर्जी .APK फाइल्स के माध्यम से मोबाइल फोन को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे उपयोगकर्ताओं का निजी डेटा खतरे में पड़ सकता है।
उन्होंने जानकारी दी कि साइबर अपराधी व्हाट्सएप, मैसेंजर या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अनजान नंबरों से .apk फाइल्स भेजते हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति इन फाइल्स को डाउनलोड या इंस्टॉल करता है, उसके मोबाइल में एक गुप्त एप सक्रिय हो जाता है। इसके माध्यम से अपराधी मोबाइल में मौजूद फोटो, वीडियो, संपर्क सूची, सोशल मीडिया अकाउंट सहित अन्य संवेदनशील जानकारियों तक पहुँच बना लेते हैं, जिनका दुरुपयोग ब्लैकमेलिंग, ठगी अथवा अन्य साइबर अपराधों में किया जा सकता है।
पुलिस ने यह भी चेतावनी दी कि जिन मोबाइल फोन में मीडिया ऑटो-डाउनलोड सुविधा चालू रहती है, वहां ये फाइल्स बिना उपयोगकर्ता की जानकारी के भी डाउनलोड हो सकती हैं, जिससे खतरा और बढ़ जाता है।
साइबर अपराध से बचाव के लिए पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की कि वे अनजान स्रोत से प्राप्त किसी भी फाइल या लिंक को न खोलें और केवल आधिकारिक एप स्टोर से ही एप्लीकेशन इंस्टॉल करें। साथ ही व्हाट्सएप, ईमेल व अन्य महत्वपूर्ण खातों में दो-चरणीय प्रमाणीकरण (टू-स्टेप वेरिफिकेशन) अवश्य सक्रिय रखें। मीडिया ऑटो-डाउनलोड को बंद रखने, मोबाइल व एप्स को नियमित रूप से अपडेट करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत रिपोर्ट करने की भी सलाह दी गई।
किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में नागरिक साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर सकते हैं अथवा साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
अंत में टीकमगढ़ पुलिस की ओर से संदेश दिया गया क
“साइबर सुरक्षा आपकी जिम्मेदारी भी है। जागरूक रहें, सतर्क रहें और सुरक्षित रहें।”
गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस ने सभी नागरिकों से सुरक्षा नियमों का पालन करने और अपने मोबाइल व डिजिटल डेटा को सुरक्षित रखने का अनुरोध किया है।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

