टीकमगढ़। दिनांक 27 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई एवं कलेक्टर विवेक श्रोतीय ने संयुक्त रूप से थाना खरगापुर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान थाना परिसर में उपस्थित पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ एसडीएम बलदेवगढ़, तहसीलदार खरगापुर सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक का मुख्य उद्देश्य थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की वर्तमान स्थिति का समग्र मूल्यांकन करना तथा आगामी दिनों में इसे और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक कदमों पर विचार करना रहा। पुलिस अधीक्षक एवं कलेक्टर ने अधिकारियों को अपराध नियंत्रण, नागरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने एवं पुलिस-प्रशासन में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना में उपलब्ध बलवा ड्रिल सामग्री की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही पुलिस बल से संवाद स्थापित कर उनकी कार्य-स्थिति, आवश्यकताओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना गया। उन्होंने पुलिस कर्मियों के समर्पित कार्य की सराहना करते हुए अनुशासन, सजगता एवं दक्षता बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
संयुक्त निरीक्षण के माध्यम से जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने यह स्पष्ट किया कि खरगापुर क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को उच्चतम स्तर पर बनाए रखना प्राथमिकता है, ताकि आम नागरिकों को सुरक्षित, शांत एवं विश्वासपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

