टीकमगढ़। जिले में लगातार बढ़ते साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, बैंकिंग धोखाधड़ी एवं पहचान की चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा जिलेवासियों को सतर्क और जागरूक करने के उद्देश्य से साप्ताहिक साइबर एडवाइजरी जारी की जा रही है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि वर्तमान डिजिटल युग में नागरिकों की थोड़ी-सी असावधानी उन्हें बड़े आर्थिक और मानसिक नुकसान की ओर ले जा सकती है, इसलिए समय रहते जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है।
एडवाइजरी में नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने बैंकिंग एवं वित्तीय दस्तावेजों जैसे बैंक खाता विवरण, एटीएम, डेबिट एवं क्रेडिट कार्ड, पिन नंबर, सीवीवी, इंटरनेट और मोबाइल बैंकिंग की लॉगिन जानकारी, यूपीआई आईडी व पिन तथा डिजिटल वॉलेट से संबंधित सूचनाओं को अत्यंत गोपनीय रखें। इसी तरह आधार कार्ड, पैन कार्ड, मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, राशन कार्ड सहित सभी शासकीय पहचान पत्रों की जानकारी साझा करने में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता बताई गई है।
पुलिस द्वारा यह भी स्पष्ट किया गया है कि मोबाइल नंबर, ओटीपी, सिम से जुड़ी जानकारी, मोबाइल एप्स में सेव लॉगिन आईडी व पासवर्ड, ई-मेल, सोशल मीडिया अकाउंट, ऑनलाइन शॉपिंग व अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म से संबंधित विवरण भी साइबर अपराधियों के लिए आसान लक्ष्य बन सकते हैं। इसके अतिरिक्त जन्मतिथि, पारिवारिक विवरण, घर का पता, कार्यालयीन जानकारी, बीमा व बैंक नामांकन, कंपनी या फर्म से जुड़े पैन व जीएसटी नंबर, डिजिटल हस्ताक्षर और कर्मचारियों से संबंधित जानकारियां भी संवेदनशील श्रेणी में आती हैं, जिन्हें सुरक्षित रखना आवश्यक है।
एडवाइजरी में नागरिकों को आगाह किया गया है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति, कॉल, संदेश, ई-मेल या सोशल मीडिया के माध्यम से बैंक खाते, कार्ड, ओटीपी, पिन या पासवर्ड की जानकारी साझा न करें। बैंक, पुलिस या किसी शासकीय संस्था का अधिकारी बनकर की गई कॉल या भेजे गए लिंक पर बिना सत्यापन के भरोसा न करें। संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने, अनधिकृत वेबसाइट या मोबाइल एप पर निजी जानकारी दर्ज करने से बचें। आधार या पैन कार्ड की फोटोकॉपी केवल आवश्यकता पड़ने पर ही दें और उस पर उद्देश्य व तिथि अवश्य अंकित करें। सार्वजनिक वाई-फाई नेटवर्क का उपयोग करते समय ऑनलाइन बैंकिंग या डिजिटल भुगतान न करने की भी सलाह दी गई है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नागरिक अपने मोबाइल, कंप्यूटर और अन्य डिजिटल उपकरणों में मजबूत पासवर्ड, पिन या बायोमेट्रिक सुरक्षा का उपयोग करें और समय-समय पर पासवर्ड बदलते रहें। साथ ही बैंक खाते के लेन-देन पर नियमित नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तत्काल संबंधित बैंक को सूचित करें।
यदि किसी नागरिक के साथ साइबर ठगी, ऑनलाइन धोखाधड़ी या बैंकिंग फ्रॉड की घटना घटित होती है तो बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें, साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें अथवा नजदीकी पुलिस थाना या साइबर सेल को सूचना दें।
अंत में टीकमगढ़ पुलिस ने जिले के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं सतर्क रहें और अपने परिवारजनों व परिचितों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। नागरिकों की सतर्कता और सहयोग से ही साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

