टीकमगढ़। पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में टीकमगढ़ पुलिस द्वारा सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के अंतर्गत निरंतर संवेदनशील एवं मानवीय पहल की जा रही हैं। इसी क्रम में दिनांक 30 जनवरी 2026 को टीकमगढ़ पुलिस की महिला सेल टीम ने मानसिक एवं शारीरिक रूप से विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के विद्यालय माँ नर्मदा DDRS केंद्र पहुंचकर बच्चों के साथ स्नेहपूर्ण और आत्मीय समय व्यतीत किया।
कार्यक्रम के दौरान महिला सेल की टीम ने बच्चों को टॉफी एवं शिक्षण सामग्री जैसे कॉपी, पेंसिल आदि वितरित की। साथ ही बच्चों के साथ पढ़ाई, खेलकूद और दैनिक गतिविधियों को लेकर सरल, सहज एवं उत्साहवर्धक संवाद किया गया, जिससे बच्चों में आत्मविश्वास और खुशी का माहौल देखने को मिला।
महिला सेल टीम द्वारा बच्चों से गिनती, स्पेलिंग एवं सामान्य ज्ञान से जुड़े प्रश्न पूछे गए, जिनका बच्चों ने पूरे उत्साह, आत्मविश्वास और प्रसन्नता के साथ उत्तर दिया। बच्चों की सीखने की क्षमता और उनके चेहरों पर खिली मुस्कान ने पूरे वातावरण को भावनात्मक रूप से स्पर्श कर दिया।
इस मानवीय कार्यक्रम में महिला सेल प्रभारी प्रधान आरक्षक श्रीमती रानू विश्वकर्मा एवं महिला आरक्षक श्रीमती मानसी तिवारी की सक्रिय सहभागिता रही। वहीं माँ नर्मदा DDRS केंद्र की ओर से श्रीमती जया सिंह बुंदेला, श्रीमती सीमा पटेल, श्री महेंद्र कुमार एवं श्रीमती राजकुमारी प्रजापति सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
टीकमगढ़ पुलिस का यह प्रयास विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के प्रति सहयोग, सम्मान और संवेदनशीलता का प्रतीक है। यह पहल समाज को यह संदेश देती है कि प्रत्येक बच्चा समान स्नेह, संरक्षण और अवसर का अधिकारी है, और पुलिस केवल कानून व्यवस्था ही नहीं बल्कि मानवीय मूल्यों की भी सशक्त प्रहरी है।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

