टीकमगढ़। पुलिस महानिरीक्षक सागर जोन डॉ. हिमानी खन्ना एवं डीआईजी छतरपुर रेंज विजय खत्री के मार्गदर्शन तथा पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोजर सिंह मंडलोई के सशक्त, संवेदनशील और मानवीय नेतृत्व में दिनांक 04 फरवरी 2026 को पुलिस लाइन टीकमगढ़ परिसर में जिले के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सैनिक सम्मेलन गरिमामय एवं आत्मीय वातावरण में आयोजित किया गया।
यह सम्मेलन केवल एक औपचारिक प्रशासनिक आयोजन नहीं रहा, बल्कि पुलिस परिवार के प्रत्येक सदस्य को सुने जाने, समझे जाने और सम्मानित होने का सशक्त मंच बना। आईजी, डीआईजी एवं पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों के बीच एक परिवार की तरह बैठकर उनकी व्यक्तिगत, पारिवारिक एवं विभागीय समस्याओं को गंभीरता से सुना और अनेक मामलों में मौके पर ही व्यावहारिक एवं त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। इससे पुलिस बल में विश्वास, सुरक्षा और आत्मसम्मान की भावना और अधिक सुदृढ़ हुई।
सम्मेलन के दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम ने आयोजन को भावनात्मक ऊंचाइयों तक पहुंचाया। पुलिस कर्मियों द्वारा प्रस्तुत मधुर गायन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने यह सिद्ध कर दिया कि वर्दी के भीतर भी संवेदनाओं, कला और रचनात्मकता का एक जीवंत संसार बसता है।
कार्यक्रम का सबसे भावुक और अविस्मरणीय क्षण तब आया, जब पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई स्वयं मंच पर आए और अपनी गायन प्रस्तुति से पूरे परिसर को संगीतमय कर दिया। उनकी प्रस्तुति ने वरिष्ठ अधिकारी और अधीनस्थ के बीच की औपचारिक दूरी को सहज ही समाप्त कर दिया और वातावरण को पूर्णतः पारिवारिक, आत्मीय और सकारात्मक ऊर्जा से भर दिया। उपस्थित पुलिसकर्मियों के चेहरों पर मुस्कान और मन में गर्व की अनुभूति स्पष्ट दिखाई दी।
इसके साथ ही एसडीओपी टीकमगढ़ राहुल कटरे, डीएसओ प्रदीप यादव, रक्षित निरीक्षक कैलाश पटेल, उप निरीक्षक मनोज यादव, श्रीमती वीणा विश्वकर्मा, अरविंद यादव, नोने सिंह, आशीष अवस्थी, सहायक उप निरीक्षक उमाकांत तिवारी सहित विभिन्न प्रधान आरक्षक एवं आरक्षकों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग कार्यक्रमों ने आयोजन को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम के पश्चात आयोजित सामूहिक भोजन में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा समस्त पुलिस बल के साथ एक ही पंक्ति में बैठकर भोजन किया गया। यह दृश्य पुलिस विभाग में एकता, समरसता और पारिवारिक भावना का सजीव प्रतीक बन गया, जहां संवाद औपचारिकता से निकलकर आत्मीयता में परिवर्तित होता दिखाई दिया।
कार्यक्रम के समापन पर पुलिस अधीक्षक टीकमगढ़ मनोहर सिंह मंडलोई ने समस्त पुलिस बल की ओर से आईजी एवं डीआईजी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन पुलिस कर्मियों के मानसिक स्वास्थ्य, मनोबल और कार्य संतुष्टि को सुदृढ़ करते हैं तथा उन्हें और अधिक निष्ठा, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ कर्तव्य निर्वहन के लिए प्रेरित करते हैं।
खबर

