टीकमगढ़।महिला सुरक्षा को व्यापक, संवेदनशील और प्रभावी दृष्टिकोण से सुदृढ़ करने के उद्देश्य से टीकमगढ़ पुलिस द्वारा संचालित विशेष अभियान को दिनांक 04 फरवरी 2026 को नई दिशा और ऊर्जा मिली, जब सागर जोन के पुलिस उप महानिरीक्षक छतरपुर रेंज श्री विजय खत्री ने पुलिस कंट्रोल रूम टीकमगढ़ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के साथ ‘नीड, परी, भरोसा, सहारा, आसरा’ महिला पुलिस दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर डीआईजी श्री खत्री ने पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के नेतृत्व में संचालित इस अभियान को मध्यप्रदेश में महिला सुरक्षा के क्षेत्र का एक प्रेरक मॉडल बताते हुए कहा कि यह पहल समाज में सम्मान, सुरक्षा और समानता की नई सोच को मजबूती देने की क्षमता रखती है। उन्होंने कहा कि टीकमगढ़ पुलिस का यह प्रयास न केवल कानून व्यवस्था तक सीमित है, बल्कि महिलाओं के आत्मसम्मान, आत्मविश्वास और सामाजिक सशक्तिकरण से गहराई से जुड़ा हुआ है।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री मंडलोई ने अभियान की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया कि नीड मिशन के तहत जिले में भ्रूण हत्या के मामलों में 42.85 प्रतिशत की उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है, जो जनजागरूकता और प्रशासनिक प्रतिबद्धता का सशक्त प्रमाण है। वहीं परी कार्यक्रम के माध्यम से जिले की 55,580 बालिकाओं को गुड टच–बैड टच की जानकारी देकर उन्हें मानसिक रूप से सशक्त किया गया है।
उन्होंने बताया कि भरोसा प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत 7,180 युवतियों को आत्मरक्षा का प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिससे वे स्वयं की सुरक्षा के प्रति आत्मनिर्भर बनीं। सहारा पहल के जरिये 192 जरूरतमंद महिलाओं को तत्काल सहायता उपलब्ध कराई गई, जबकि आसरा परियोजना के माध्यम से 89 बेसहारा महिलाओं को सुरक्षित वातावरण, आवश्यक सामग्री और सामाजिक संबल प्रदान किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाहा, एसडीओपी टीकमगढ़ राहुल कटरे, रक्षित निरीक्षक कनक सिंह चौहान, कैलाश पटेल, बड़ी संख्या में महिला आरक्षक तथा जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर यह संदेश स्पष्ट रूप से सामने आया कि टीकमगढ़ पुलिस का यह समग्र और मानवीय अभियान आने वाले समय में जिले को महिला सुरक्षा, संवेदनशील पुलिसिंग और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में एक आदर्श मॉडल जिले के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध होगा।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

