टीकमगढ़। पुलिस अधीक्षक श मनोहर सिंह मंडलोई द्वारा दिनांक 07 फरवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आगामी शिवरात्रि पर्व के अवसर पर कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन को लेकर पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुण्डेश्वर महादेव मंदिर पर आयोजित होने वाले शिवरात्रि मेले को दृष्टिगत रखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित यातायात सुनिश्चित करने हेतु विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक व्यवस्था, रूट डायवर्जन, सुरक्षा के संवेदनशील बिंदुओं का चिन्हांकन, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, स्नान कुंड, मंदिर प्रांगण एवं मेला प्रांगण की सुरक्षा व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। पुलिस अधीक्षक द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि शिवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पूर्व से ही सुदृढ़ सुरक्षा योजना एवं प्रभावी ट्रैफिक योजना* लागू की जाए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन की पवित्रता, श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यातायात की सुचारु व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विक्रम सिंह कुशवाह, एसडीएम टीकमगढ़ श्रीमती संस्कृति लिटोरिया, एसडीओपी टीकमगढ़ राहुल कटरे, ट्रैफिक प्रभारी रक्षित निरीक्षक कैलाश पटेल, थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक बृजेन्द्र सिंह घोष, चौकी प्रभारी खिरिया सहित पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

