टीकमगढ़/ओरछा। विगत दिवस भाजपा नेता विकास यादव ने दमोह पहुंचकर मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी से मुलाकात कर ओरछा में “श्री रामराजा सरकार महोत्सव” आयोजित कराने की मांग को लेकर एक पत्र सौंपा। इस दौरान मंत्री लोधी ने भी जल्द ही शासन स्तर पर ओरछा में महोत्सव आयोजित कराने का भरोसा दिलाया।
मांग पत्र में यादव ने उल्लेख किया कि पौराणिक कथाओं के अनुसार 16वीं सदी में ओरछा के तत्कालीन शासक महाराज मधुकर शाह की महारानी कुंवर गणेश की तपस्या और हठ के कारण प्रभु श्रीराम अयोध्या से ओरछा पधारे थे। बताया गया कि महारानी कुंवर गणेश साधु-संतों के साथ श्रावण मास की शुक्ल पंचमी वि.सं. 1630 (1573 ई.) में अयोध्या से प्रस्थान कर 8 माह 27 दिन की पैदल यात्रा के बाद चैत्र शुक्ल नवमी, मंगलवार वि.सं. 1631 (1574 ई.) को प्रभु श्रीराम को साथ लेकर ओरछा पहुंचीं।
प्रभु श्रीराम बालरूप में तीन शर्तों—जहां बैठेंगे वहीं विराजमान रहेंगे, पुष्य नक्षत्र में ही प्रस्थान करेंगे तथा राजा के रूप में पूजे जाएंगे—के साथ ओरछा के महल में स्थापित हुए। महारानी ने अपने राजपाठ का परित्याग कर उन्हें राजा के रूप में प्रतिष्ठित किया, तभी से वे “श्री रामराजा सरकार” के रूप में विख्यात हुए और आज भी ओरछा के राजा के रूप में पूजे जाते हैं। रामराजा मंदिर देश का एकमात्र ऐसा मंदिर माना जाता है, जहां भगवान को प्रतिदिन गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाता है तथा वे प्रतिदिन दरबार लगाकर भक्तों की फरियाद सुनते हैं।
पत्र में यह भी बताया गया कि चैत्र शुक्ल नवमी की इसी पावन तिथि को प्रभु श्रीराम का अवतरण माना जाता है तथा इसी दिन गोस्वामी तुलसीदास ने रामचरितमानस की रचना प्रारंभ की थी।
यादव ने उल्लेख किया कि 7 दिसंबर को ओरछा प्रवास के दौरान मुख्य सचिव अनुराग जैन ने विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों के निरीक्षण के समय निवाड़ी जिला प्रशासन को खजुराहो की तर्ज पर ओरछा में सांस्कृतिक महोत्सव की योजना बनाने के निर्देश दिए थे, जिससे क्षेत्र की कला-संस्कृति को नई पहचान मिल सके।
उन्होंने प्रस्ताव रखा कि प्रतिवर्ष चैत्र नवमी के अवसर पर तीन दिवसीय “श्री रामराजा सरकार महोत्सव” आयोजित किया जाए—पहले दिन 25 मार्च को भजन संध्या, दूसरे दिन 26 मार्च को बुंदेली गायन तथा तीसरे दिन 27 मार्च को श्रीराम जन्मोत्सव का आयोजन हो। मंत्री लोधी ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
मुलाकात के दौरान टीकमगढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रजातंत्र गंगेले एवं दमोह भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे भी उपस्थित रहे।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

