पुरी (ओडिशा) में सम्पन्न हुआ भारतीय मजदूर संघ का 21वां अखिल भारतीय अधिवेशन, नर्मदापुरम की श्रीमती अनामिका वर्मा ने किया प्रतिनिधित्व
नर्मदापुरम। विश्व के सबसे बड़े श्रमिक संगठन भारतीय मजदूर संघ (BMS) का 21वां त्रैवार्षिक अखिल भारतीय अधिवेशन 6 से 8 फरवरी 2026 तक ओडिशा के पुरी स्थित स्व. ओम प्रकाश अग्गी सभागार में भव्य रूप से आयोजित किया गया। तीन दिवसीय इस राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से हजारों श्रमिक प्रतिनिधियों, 42 औद्योगिक महासंघों के प्रतिनिधियों तथा 12 अन्य देशों से आए अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।इस महत्वपूर्ण अधिवेशन में नर्मदापुरम की श्रीमती अनामिका वर्मा ने राष्ट्रीय राज्य कर्मचारी महासंघ की ओर से अखिल भारतीय कार्यसमिति सदस्य के रूप में प्रतिनिधित्व किया तथा जिले का गौरव बढ़ाया। उन्होंने विभिन्न सत्रों में श्रमिक अधिकारों, महिला श्रमिक सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा तथा बदलते औद्योगिक परिदृश्य में श्रमिक संगठनों की भूमिका से जुड़े विषयों पर आयोजित चर्चाओं में सक्रिय भागीदारी की।
अधिवेशन का उद्घाटन झंडोत्तोलन एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र के मुख्य अतिथि केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने अपने संबोधन में कहा कि “श्रम का गौरव, राष्ट्र का गौरव है और श्रमिकों की समृद्धि से ही देश समृद्ध होता है।” कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान सहित अनेक राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
अधिवेशन में श्रमिक हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए, जिनमें श्रम कानूनों का सभी श्रमिकों पर सार्वभौमिक रूप से लागू करना, अंत्योदय की अवधारणा को साकार करना, ठेका श्रम प्रथा समाप्त करने की मांग, पुरानी पेंशन बहाली तथा बोनस सीमा बढ़ाने जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। सम्मेलन के दौरान वर्ष 2026–2029 के लिए नई राष्ट्रीय कार्यसमिति का गठन भी किया गया, जिसमें एस. मलेशम (तेलंगाना) को राष्ट्रीय अध्यक्ष तथा सुरेंद्र पांडेय (छत्तीसगढ़) को महासचिव चुना गया।
अधिवेशन का मुख्य विषय “श्रम का गौरव, राष्ट्र का गौरव” रहा, जिसके अंतर्गत श्रमिकों के अधिकार, सामाजिक सुरक्षा, कौशल विकास तथा राष्ट्र निर्माण में श्रम शक्ति की भूमिका पर व्यापक चर्चा की गई। श्रीमती अनामिका वर्मा ने बताया कि अधिवेशन से प्राप्त अनुभव और सुझावों को स्थानीय स्तर पर श्रमिकों के हित में किए जाने वाले कार्यों में लागू करने का प्रयास किया जाएगा। नर्मदापुरम के श्रमिक संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनकी सहभागिता को जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए शुभकामनाएं दीं।

पत्रकार कुणाल पासवान
मो 7581988260

