टीकमगढ़। जिलेवासियों को सूचित किया जाता है कि हाल के दिनों में साइबर अपराधियों द्वारा “8वें वेतन आयोग में सैलरी कितनी बढ़ेगी” बताने के नाम पर फर्जी मोबाइल एप (एपीके फ़ाइल) डाउनलोड करवाकर ऑनलाइन ठगी की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन में जिले में साइबर अपराध से बचाव हेतु जिला स्तरीय जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही, साइबर अपराधियों द्वारा अपनाई जा रही नई-नई गतिविधियों से आमजन को सचेत करने के लिए साप्ताहिक परामर्श (एडवाइजरी) भी जारी किया जा रहा है। इसी क्रम में यह परामर्श टीकमगढ़ जिलेवासियों के लिए प्रसारित किया गया है।
ठगी कैसे की जा रही है
साइबर अपराधी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, टेलीग्राम, फेसबुक आदि पर “8वें वेतन आयोग में आपकी सैलरी कितनी बढ़ेगी, अभी जानें” जैसे संदेश और लिंक भेजते हैं।
लिंक पर क्लिक करने के बाद एक एपीके फ़ाइल डाउनलोड करने को कहा जाता है। यह फर्जी एप मोबाइल का पूरा एक्सेस लेकर एसएमएस, कॉल, बैंकिंग एप तथा ओटीपी तक पहुंच बना लेता है। इसके बाद अपराधी बैंक खाते से रकम निकाल लेते हैं या यूपीआई तथा नेट बैंकिंग के माध्यम से धोखाधड़ी कर लेते हैं।
नागरिक क्या सावधानियां रखें
अज्ञात स्रोत से कोई भी एपीके फ़ाइल डाउनलोड न करें।
केवल गूगल प्ले स्टोर या अधिकृत एप स्टोर से ही एप डाउनलोड करें।
मोबाइल में “अज्ञात स्रोत” से इंस्टॉलेशन की अनुमति न दें।
किसी भी लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करें।
अपना ओटीपी, बैंक विवरण, एटीएम पिन या यूपीआई पिन किसी के साथ साझा न करें।
वेतन आयोग या सरकारी योजनाओं की जानकारी के लिए केवल आधिकारिक सरकारी वेबसाइट या विभागीय आदेश पर ही विश्वास करें।
यदि कोई एप अनावश्यक अनुमति जैसे एसएमएस, संपर्क सूची या स्क्रीन शेयरिंग मांगे तो तुरंत सतर्क हो जाएं।
मोबाइल में सुरक्षा अपडेट और एंटीवायरस समय-समय पर अपडेट रखें।
सोशल मीडिया पर वायरल संदेश बिना सत्यापन आगे प्रेषित न करें।
ठगी होने पर क्या करें
यदि कोई व्यक्ति ठगी का शिकार हो जाए तो तुरंत अपने बैंक की हेल्पलाइन पर संपर्क कर लेन-देन रुकवाने का प्रयास करें। साथ ही राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर तुरंत कॉल करें, साइबर क्राइम पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज करें तथा नजदीकी पुलिस थाने के साइबर हेल्प डेस्क या साइबर सेल टीकमगढ़ से संपर्क करें।
विशेष अपील
सभी शासकीय कर्मचारी, पेंशनर एवं आम नागरिकों से अनुरोध है कि “8वें वेतन आयोग” के नाम पर आने वाले किसी भी फर्जी लिंक या एप से सावधान रहें। साइबर अपराधी नई तकनीकों से लोगों को भ्रमित कर रहे हैं, इसलिए जागरूकता ही सबसे बड़ा बचाव है।
टीकमगढ़ पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि स्वयं सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और दूसरों को भी जागरूक करें।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

