टीकमगढ़। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के साथ कुंडेश्वर धाम मंदिर परिसर, टीकमगढ़ में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले महोत्सव की तैयारियों को लेकर बैठक ली। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ नवीत कुमार धुर्वे, एएसपी विक्रम सिंह कुशवाह, एसडीएम टीकमगढ़ श्रीमती संस्कृति मुदित लटौरिया, तहसीलदार सतेन्द्र सिंह गुर्जर सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में कलेक्टर श्री श्रोत्रिय ने संस्कृति विभाग द्वारा आयोजित महादेव महोत्सव की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया और सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे तथा पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और आवागमन की व्यवस्थाएं पूरी तरह सुचारु रहें। साथ ही महाशिवरात्रि पर संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस विभाग को ट्रैफिक प्रबंधन और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था, बैरिकेडिंग तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखने पर विशेष ध्यान देने के निर्देश अधिकारियों को दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और दर्शन व्यवस्था व्यवस्थित रूप से संचालित हो सके।
ज्ञात हो कि संस्कृति विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा टीकमगढ़ स्थित कुंडेश्वर धाम मंदिर परिसर में शिव-सत्य की कला अभिव्यक्तियों पर केंद्रित “महादेव महोत्सव” का आयोजन 15 फरवरी 2026 को सायं 6:30 बजे से किया जाएगा। समारोह में सती लीला, लोक गायन एवं भक्ति संगीत की प्रस्तुतियां आयोजित होंगी। यह आयोजन शिवभक्ति, लोक परंपरा और शास्त्रीय-सुगम कलाओं के संगम के रूप में श्रद्धा और आस्था से परिपूर्ण एक विशेष संध्या का रूप लेगा। जिला प्रशासन टीकमगढ़ के सहयोग से संस्कृति विभाग द्वारा इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

