टीकमगढ़। संस्कृति विभाग, म.प्र. शासन द्वारा टीकमगढ़ स्थित कुण्डेश्वर धाम मंदिर परिसर में शिव-सत्य की कला अभिव्यक्तियों पर एकाग्र महादेव महोत्सव का आयोजन 15 फरवरी, 2026 को सायं 6.30 बजे से किया जाएगा। समारोह में सती लीला, लोक गायन एवं भक्ति गायन की प्रस्तुतियाँ संयोजित की जाएंगी। यह आयोजन शिवभक्ति, लोक परम्परा और शास्त्रीय-सुगम कलाओं के सुरम्य संगम के रूप में श्रद्धा और भक्ति की एक अनुपम संध्या रचेगा। संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन टीकमगढ़ के सहयोग से यह आयोजन किया जाएगा। महोत्सव की शुरुआत लोक सुरों की मधुर धारा में सागर की सुश्री साक्षी पटेरिया अपने लोक गायन से मंदिर की पावन धरा पर सांस्कृतिक चेतना का दीप प्रज्वलित करेंगी। इसके पश्चात सती लीला की भावप्रवण प्रस्तुति होगी, जिसमें छतरपुर के श्री लखन लाल अहिरवार एवं साथी कलाकार लीला-नाट्य सती लीला के माध्यम से शिवदृसती की कथा को जीवंत करेंगे।
समारोह की अंतिम कड़ी में भोपाल की सुश्री सुहासिनी जोशी एवं साथी कलाकार भक्ति गायन की प्रस्तुति देंगे, जिनके स्वरों में रची शिव-आराधना वातावरण को आध्यात्मिक भाव विभोरता से आलोकित करेंगी।

