टीकमगढ़, 13 फ़रवरी 2026 जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात अनुशासन को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा विशेष सघन वाहन जांच अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक श्री मनोहर सिंह मंडलोई के स्पष्ट एवं कड़े निर्देशों के अनुपालन में चल रहे इस अभियान का लक्ष्य दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना और नागरिकों में जिम्मेदार वाहन संचालन की भावना विकसित करना है।
पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों, राजपत्रित अधिकारियों एवं यातायात शाखा को निर्देशित किया है कि औचक एवं प्रभावी चेकिंग के माध्यम से नशे की हालत में वाहन चलाना, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, ओवरलोडिंग, बिना वैध दस्तावेज तथा अन्य यातायात नियम उल्लंघनों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
दिनांक 13 फरवरी 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों और यातायात थाना द्वारा प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर विशेष चेकिंग पॉइंट स्थापित कर व्यापक वाहन जांच की गई। इस दौरान कुल 248 वाहनों की जांच की गई, जिनमें से 37 वाहन चालक नियमों का उल्लंघन करते पाए गए। सभी उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए ₹10,600 का अर्थदंड अधिरोपित किया गया। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी।
अभियान के दौरान महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों तथा एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही को निर्बाध बनाए रखने पर भी विशेष ध्यान रखा गया।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शहर के प्रमुख चौराहों पर मॉडिफाइड साइलेंसर लगे बुलेट व अन्य मोटरसाइकिलों के विरुद्ध भी विशेष कार्रवाई की गई। जांच के दौरान मानक ध्वनि सीमा से अधिक आवाज करने वाले साइलेंसर पाए जाने पर संबंधित चालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई तथा भविष्य में ऐसे साइलेंसर का उपयोग न करने की सख्त हिदायत दी गई।
टीकमगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध अथवा अधिक ध्वनि उत्पन्न करने वाले साइलेंसरों की जांच आगे भी निरंतर औचक रूप से जारी रहेगी और सार्वजनिक शांति भंग करने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित, संयमित एवं जिम्मेदार वाहन संचालन अपनाकर स्वयं तथा अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।
Services And Contact
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

