टीकमगढ़। 15 फरवरी 2026 जिले में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने नागरिकों के लिए सुरक्षा परामर्श (एडवाइजरी) जारी की है। वैवाहिक सीजन और सार्वजनिक आयोजनों को देखते हुए पुलिस ने लोगों से विशेष सावधानी बरतने तथा विधि नियमों का पालन करने की अपील की है।
पुलिस ने घर, दुकान या प्रतिष्ठान बंद करते समय सुरक्षित ताले और सीसीटीवी लगाने, रात्रि में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था रखने तथा संदिग्ध व्यक्तियों की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या डायल 112 पर देने को कहा है। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर आभूषण व नकदी का अनावश्यक प्रदर्शन न करने और बैंक से बड़ी राशि निकालते समय सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
विवाह समारोहों के आयोजकों को प्रवेश-निकास व्यवस्था नियंत्रित रखने, पार्किंग व प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा डीजे की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश दिए गए हैं। बारात या जुलूस में हथियारों का प्रदर्शन पूरी तरह प्रतिबंधित बताया गया है और उल्लंघन पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
पुलिस ने साइबर अपराधों से बचाव हेतु अज्ञात कॉल या लिंक पर बैंक संबंधी जानकारी साझा न करने, ओटीपी गोपनीय रखने और धोखाधड़ी की स्थिति में हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करने को कहा है। महिला व बाल सुरक्षा के मामलों में 1090 और आपात स्थिति में 112 नंबर का उपयोग करने की सलाह भी दी गई है।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सुरक्षित समाज के लिए नागरिकों का सहयोग आवश्यक है तथा किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

