टीकमगढ़ । पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा संचालित जनसंवाद एवं नशामुक्ति अभियान अब केवल सार्वजनिक मंचों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि घर-घर और मोहल्लों तक पहुँचकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन की पहल कर रहा है। इसी क्रम में चंदेरा थाना प्रभारी द्वारा दिनांक 18 फरवरी 2026 को थाना क्षेत्र के विभिन्न मोहल्लों एवं बस्तियों में पहुँचकर ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया गया। यह पहल औपचारिकता नहीं, बल्कि विश्वास और अपनत्व का प्रयास थी। चंदेरा थाना प्रभारी उप निरीक्षक रश्मि जैन ने गांवों में जाकर सहज और आत्मीय वातावरण में उनसे चर्चा की। उन्हें यह भरोसा दिलाया गया कि पुलिस केवल कानून लागू करने वाली संस्था नहीं, बल्कि सुरक्षा और सहयोग का साथी है। संवाद के दौरान महिलाओं एवं परिवारजनों को समझाया गया कि नशा किस प्रकार परिवार की शांति और भविष्य को प्रभावित करता है घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना एवं लैंगिक भेदभाव के दुष्परिणाम
बेटियों की शिक्षा और सम्मान का महत्व किसी भी समस्या की स्थिति में पुलिस से बिना संकोच संपर्क करने की आवश्यकता कानून किस प्रकार महिलाओं की सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा करता है इस पहल के माध्यम से महिलाओं को यह संदेश दिया गया कि वे किसी भी प्रकार की सामाजिक या पारिवारिक समस्या में अकेली नहीं हैं। पुलिस उनके साथ खड़ी है। महिला थाना प्रभारी ने विशेष रूप से कहा कि संवाद ही समाधान की पहली सीढ़ी है। यदि परिवार के भीतर आपसी समझ और सम्मान बना रहे, तो अनेक विवाद स्वतः समाप्त हो सकते हैं। अभियान के अंतर्गत परिवारों को नशामुक्त जीवनशैली अपनाने, बच्चों और युवाओं को सही मार्गदर्शन देने तथा सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
महिलाओं से आग्रह किया गया कि वे अपने घर और समाज में जागरूकता की वाहक बनें, क्योंकि एक जागरूक महिला पूरे परिवार को सही दिशा दे सकती है।
पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई ने इस पहल को सामाजिक विश्वास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा जब पुलिस घर की चौखट तक पहुँचकर संवाद करती है, तभी सच्चा भरोसा बनता है। हमारा उद्देश्य डर नहीं, बल्कि विश्वास और सहभागिता के माध्यम से समाज को सशक्त बनाना है। पुलिस का यह प्रयास दर्शाता है कि कानून के साथ संवेदनशीलता और संवाद जुड़ जाए तो परिवर्तन संभव है। घर-घर पहुँची यह पहल महिलाओं के आत्मविश्वास, परिवार की मजबूती और नशामुक्त, शांतिपूर्ण समाज की दिशा में एक सार्थक कदम है।
Contact info : narmadasamay@gmail.com / +917974372722

