टीकमगढ़। कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जनगणना 2027 हेतु दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान कलेक्टर श्री श्रोत्रिय द्वारा बताया गया कि जनगणना 2027 में खास बात यह है कि जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी। जनगणना प्रक्रिया में नागरिक स्वयं स्व-गणना पोर्टल पर अपनी जानकारी भर सकते हैं। जनगणना के दौरान गणक के घर आने पर उन्हें यह जानकारी देनी होगी तब इस जानकारी को डिजिटल संकलित करेंगे। नागरिक 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक स्वयं जानकारी स्व-गणना पोर्टल पर भर सकेंगे। श्री श्रोत्रिय ने बताया कि जनगणना अधिकारियों द्वारा मकान सूचीकरण के दौरान नागरिकों से 33 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी एकत्र की जाएगी। जनगणना अधिकारियों द्वारा मकान सूचीकरण के दौरान भवन नंबर, जनगणना मकान नंबर, मकान की दीवार, छत और फर्श में प्रयुक्त सामग्री, मकान का उपयोग और स्थिति की जानकारी ली जाएगी। इसके साथ ही परिवार, परिवार में रहने वाले सदस्यों की संख्या, परिवार के मुखिया का नाम, लिंग, सामाजिक वर्ग अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य से संबंधित विवरण दर्ज किया जाएगा। जनगणना के दौरान पेयजल का मुख्य स्रोत, प्रकाश का स्रोत, शौचालय की उपलब्धता और उसका प्रकार, गंदे पानी की निकासी, रसोईघर एवं उसमें प्रयुक्त ईंधन की जानकारी भी ली जाएगी। परिवार द्वारा उपयोग किए जाने वाले मुख्य खाद्यान्न, परिवार में रहने वाले विवाहित दंपत्तियों की संख्या, परिवार के मुखिया का व्यवसाय तथा मकान के स्वामित्व की स्थिति से जुड़ी जानकारी भी जनगणना में दर्ज की जाएगी। राजपत्र में स्पष्ट किया गया है कि जनगणना अधिनियम 1948 के तहत एकत्र की गई सभी व्यक्तिगत जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रहेंगी और किसी भी न्यायालय, जांच या अन्य प्रयोजन के लिए साक्ष्य के रूप में उपयोग नहीं की जा सकेंगी। जनगणना 2027 में यह समस्त जानकारी डिजिटल माध्यम से मोबाइल एप और पोर्टल के जरिए एकत्र की जाएगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे जनगणना अधिकारियों को सही और पूर्ण जानकारी प्रदान करें, ताकि जनगणना का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।—-स्वतंत्रता के बाद की आठवीं जनगणना—–उल्लेखनीय है कि आगामी जनगणना वर्ष 1872 से सोलहवीं एवं स्वतंत्रता के बाद की आठवीं जनगणना होगी जिससे संबंधित विभिन्न क्रियाकलापों का निष्पादन जनगणना अधिनियम 1948 एवं जनगणना नियम 1990 के प्रावधानों के तहत किया जाता है। इस दौरान प्राप्त व्यक्तिगत जानकारियां पूर्णतः गोपनीय होती है और इसे किसी अन्य के साथ साझा नहीं किया जाता। साथ ही एकत्रित की गई व्यक्तिगत जानकारी को कहीं पर भी साक्ष्य के लिए उपयोग नहीं किया जा सकता है। जनगणना 2027 के प्रगणक, पर्यवेक्षक या कोई अन्य व्यक्ति द्वारा किसी भी प्रकार के ओटीपी या बैंक डिटेल्स की मांग नहीं की जाएगी।—-जनगणना 2027 दो चरणों में आयोजित की जाएगी—–जनगणना 2027 दो चरणों में संपादित की जाएगी। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और मकान की गणना की जाएगी। द्वितीय चरण में जनसंख्या की गणना की जाएगी। जनगणना का कार्य निर्धारित समय सीमा में किया जाएगा। समय सीमा में किसी भी प्रकार का विस्तार या परिवर्तन नहीं किया जाएगा। जनगणना 2027 का प्रथम चरण 1 से 30 मई 2026 तक आयोजित होगा। प्रथम चरण में मकान सूचीकरण और मकानों की गणना की जाएगी। जनगणना 2027 का दूसरा चरण फरवरी 2027 में आयोजित किया जाएगा। दूसरे चरण में जनसंख्या गणना की जाएगी। ——देश की प्रथम डिजिटल जनगणना—–जनगणना 2027 देश की प्रथम डिजिटल जनगणना होगी जिसमें एप्लीकेशन के माध्यम से आंकड़ों का संकलन किया जाएगा। जनगणना के समस्त कार्य की रियल टाइम मॉनिटरिंग सेन्सस् मेनेजमेन्ट एंड मॉनिटरिंग सिस्टम पोर्टल के माध्यम से की जाएगी। इसके अतिरिक्त, निवासियों को अपना जनगणना डेटा स्वयं ऑनलाइन भरने की सुविधा प्रदान करने के लिए स्वगणना वेब पोर्टल विकसित किया जाएगा।——जनगणना के डिजिटल टूल्स——जनगणना 2027 में स्व-गणना पोर्टल मोबाइल ऐप एचएलओ एप के माध्यम से आंकड़ों का संकलन किया जाएगा। इसीक्रम में मकान सूचीकरण ब्लॉक क्रिएटर वेब पोर्टल के माध्यम से मकान सूचीकरण ब्लॉक का सृजन किया जाएगा। जनगणना प्रबंधन और निगरानी प्रणाली पोर्टल के माध्यम से मैनेजमेंट एवं मॉनिटरिंग की जाएगी। जनगणना डिजिटल माध्यम से होनी है तो डिजिटल संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जाएगा। घर-घर जाकर घर, मकान एवं व्यक्ति की गणना करेंगे। जनगणना 2027 की अधिसूचना जारी की जा चुकी है, इसके अंतर्गत नोडल अधिकारियों की नियुक्ति, प्रशासनिक इकाइयों की फ्रीजिंग, राज्य शासन के विभिन्न स्तर पर जनगणना पदाधिकारी की नियुक्ति एवं जनगणना 2027 के प्रथम चरण मकान सूचीकरण की अधिसूचना के साथ पूछे जाने वाले 33 प्रश्न भी जारी किये जा चुके है। इस अवसर पर अपर कलेक्टर शिवप्रसाद मंडराह, एसडीएम टीकमगढ़ श्रीमती संस्कृति मुदित लटौरिया, एसडीएम बल्देवगढ़ श्रीमती भारती देवी मिश्रा, एसडीएम जतारा संजय कुमार दुबे, जनगणना हेतु प्रभारी अधिकारी, प्रशिक्षक, जिला सूचना अधिकारी एनआईसी, समस्त तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार एवं अतिरिक्त चार्ज अधिकारी जनगणना ग्रामीण समस्त सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

